टैक्स फ्री ने किया दर्शकों का मनोरंजन, सातवें फरीदाबाद थियेटर फेस्टिवल का कल होगा समापन
फरीदाबाद । सातवें फ़रीदाबाद थियेटर फेस्टिवल के दूसरे दिन टैक्स फ्री नाटक ने दर्शकों का खूब मनोरजंन किया। फरीदाबाद नगर निगम द्वारा फोर्थ वाल प्रोडक्शंस और के एल मेहता दयानंद कालेज के सहयोग से आयोजित हो रहे। इस उत्सव का शुभारंभ एमसीएफ के ब्रांड एंबेसडर नेशनल बॉडी बिल्डर एथलीट जय दत्त, नगर निगम के पीआरओ जोगिंदर रावत, ईएसआई अस्पताल के सर्जन डा. हेमन्त अत्री तथा आनन्द मेहता ने दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर ज्योति संग स्मृति रंग सम्मान 2026 से शहर के रंगकर्मी एकान्त कौल को सम्मानित किया गया। संस्था की तरफ़ से यह सम्मान संग के परिजनों द्वारा दिया गया। कहते हैं कि आँखें हैं तो जहान है। आँखों से दुनिया के सब रंग देखे जा सकते हैं और जब इंसान देखता है तो उसे मनोरंजन के पल भी नसीब होते हैं लेकिन टैक्स फ्री नाटक में यह सब बातें बेमानी साबित होती हैं। इस नाटक में आँखें न होने पर भी कुछ अन्धे अपने मनोरंजन का तरीका ढूंढ लेते हैं जिसमें कुछ अंधे मिलकर एक एंटरटेनमेंट क्लब शुरू करते हैं।
इस क्लब में शामिल होने की शर्त यही है कि शामिल होने वाला व्यक्ति भी अंधा हो। इस तरह एक कमरे में पहले से मौजूद तीन अंधों के बीच एक और अंधे की एंट्री होती है। तीनों अंधे मिलकर नए आए अतिथि को मनोरंजन का ओवरडोज़ देते हैं और उसे कमरे में दाखिल होने के कुछ देर बाद ही देख न पाने का कोई अफ़सोस नहीं होता। एक के बाद एक हास्य स्थितियाँ उत्पन्न होती हैं जो नए मेम्बर के साथ ही दर्शकों का भी मनोरंजन करती हैं।
नाटक का अंत होते-होते क्लब के पुराने मेम्बर अपनी आँखों की दृष्टि वापस पाने के लिए नए मेम्बर की बलि तक देने को तैयार हो जाते हैं। वह बुरी तरह डर जाता है लेकिन जब अंत में उसे पता चलता है कि यह सब भी नाटक था तो उसे राहत महसूस होती है। इस तरह यह नाटक हास्य परिस्थितियाँ पैदा करते हुए खत्म होता है।
दीपक पुष्पदीप के निर्देशन में हुए इस नाटक में दर्शन, निशान्त, लक्ष्मीनारायण और यश ने अपनी अदाकारी से लोगों का खूब मनोरंजन किया। फेस्टिवल के निदेशक चंदरकांत ने बताया कि इस उत्सव के समापन अवसर पर टेम्परेरी तुम परमानेन्ट हम नाटक का मंचन होगा।
