फरीदाबाद : इस्कॉन मंदिर फरीदाबाद ने आज सेक्टर 16, बल्लभगढ़ और होडल में हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और अशांति के बीच इस आयोजन का उद्देश्य विश्व शांति का संदेश फैलाना था।
मंदिर अध्यक्ष गोपेश्वर दास ने कहा, “हरिनाम संकीर्तन केवल गायन नहीं, बल्कि हृदय को शुद्ध करने का साधन है। जब हम कृष्ण को केंद्र में रखते हैं, तो अहंकार टूटता है और परिवार, समाज, राष्ट्र और विश्व में सहयोग व प्रेम की भावना जागती है। इसका प्रभाव तुरंत दिखा—भक्तों ने नृत्य और गान किया, और रास्ते में खड़े लोग भी अनायास इसमें शामिल हो गए। यही संकीर्तन की शक्ति है, जो बांटने नहीं, जोड़ने का काम करती है।”
यह भी पढ़ें
लगभग 1000 भक्तों ने ‘हरे कृष्ण हरे राम’ महामंत्र लिखे पोस्टर हाथों में लेकर नगर-संकीर्तन किया। रास्ते भर उन्होंने प्रसाद बाँटा और राहगीरों को आध्यात्मिक पुस्तकें दीं। ढोल-मंजीरे और हरिनाम की धुन से माहौल भक्तिमय हो गया; कई स्थानीय लोग भी कीर्तन में थिरकते दिखे।
इसी श्रृंखला में भारत के लगभग 200 इस्कॉन केंद्रों ने अपने-अपने शहरों में हरिनाम संकीर्तन निकाला। आयोजकों का मानना है कि यह सामूहिक प्रार्थना विश्व शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास की नींव को मजबूत करेगी।
