सरकार किसान की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध : अमित अग्रवाल
अमित अग्रवाल और डीसी आयुष सिन्हा ने किया मोहना अनाज मंडी का निरीक्षण
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार के सचिव व उद्योग एवं वाणिज्य विभाग आयुक्त अमित अग्रवाल और जिला उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने आज बुधवार को मोहना अनाज मंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडी से जुड़ी समस्याओं को लेकर किसान, आढ़ती व अन्य संबंधित हितधारकों से चर्चा कर फीडबैक लिया। निरीक्षण दौरे में किसानों की मांग पर प्रतिबद्धता जताते हुए मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान हर वर्ष की तरह किसानों के लिए हर संभव उपाय कर फसल खरीद सिस्टम पर बारीकी से नजर रखते हुए किसानों के हित में कार्य कर रही है।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग आयुक्त अमित अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट निर्देश दिए है कि किसानों की फसल का एक-एक दाना किसान का खरीदा जाएगा और साथ ही गेहूं की खरीद के बाद भुगतान किसानों के खातों में सीधे स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने किसानों के आश्वस्त करते हुए कहा कि “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है, जिससे किसान स्वयं अपनी फसल का पंजीकरण और ट्रैकिंग कर सकते हैं। पंजीकरण से किसी कारण वंचित किसानों को पुन: पंजीकरण की सुविधा जल्द उपलब्ध करवाई जाएगी। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग आयुक्त अमित अग्रवाल ने पिछले 10 वर्षों में राज्य सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में की गई उपलब्धियां बताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों ने ‘अन्नदाता’ को ‘उद्यमी’ बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पड़ोसी राज्यों की तुलना में प्रदेश के किसानों को अधिक लाभ दिए जा रहे है। सरकार का एकमात्र उद्देश्य जनहित है। उन्होंने कहा कि किसान व कृषि कार्यों से जुड़े हितधारकों की समस्या व सुझाव पर सरकार का पूरा फोकस है। उन्होंने हितधारकों को आश्वस्त किया कि बीते वर्ष में आई किसी भी समस्या का इस बार दोहराव नहीं होगा। अधिकारी अपने स्तर पर फसल खरीद, उठान व भंडारण के अलावा मंडी में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि मंडी में सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटे, किसान सुविधा केंद्र तथा अटल किसान कैंटीन जैसी व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं। अटल किसान कैंटीन में मात्र ₹10 में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसानों और मजदूरों के लिए राहत कार्य किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें
निरीक्षण के दौरान किसानों ने माद्कोल क्षेत्र में फसल की आवक को सुगम बनाने के लिए वेयरहाउस खोलने की मांग रखी। इस पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग आयुक्त अमित अग्रवाल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि आवश्यकतानुसार मोहना से माद्कोल में शिफ्टिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसानों को नजदीकी क्षेत्र में ही सुविधा मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि माल ढुलाई के दौरान श्रमिकों द्वारा किसी प्रकार की अतिरिक्त लागत किसानों से न ली जाए। बैठक में ट्रांसपोर्ट, लोडिंग-अनलोडिंग तथा भुगतान से संबंधित समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
उन्होंने सभी पक्षों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह एक साझा व्यवस्था है जिसमें सरकार, किसान, आढ़ती और मंडी समिति सभी की जिम्मेदारी है कि व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार लगातार फीडबैक ले रही है और हर वर्ष खरीद प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए नए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, एसडीएम, डीसी और अन्य अधिकारी लगातार मंडियों की निगरानी कर रहे हैं और जरूरत अनुसार तुरंत कार्रवाई कर किसानों को राहत के लिए जरूरी कदम भी उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं समय-समय पर मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया गया कि हरियाणा सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और खरीद प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग आयुक्त अमित अग्रवाल और डीसी आयुष सिन्हा ने अन्य कामकाज की भी बारीकी से जांच की डीसी आयुष सिन्हा ने व्यापारियों से अनाज मंडी में पेयजल सप्लाई, बिजली आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली और व्यापारियों से ऑनलाइन बिक्री और पूंजी की अदायगी की भी विस्तार पूर्वक जानकारी ली तथा व्यापारियों को आश्वासन दिया कि प्रशासन की तरफ से हर संभव मदद व्यापारियों को दी जाएगी। मोहना मंडी में आयुक्त के निरीक्षण दौरे के समय मौजूद अधिकारियों से मिलकर सरकार की फसल खरीद प्रक्रिया के प्रति संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह केवल स्थानीय स्तर पर मांदकौल के पास वेयर हाउस की उपलब्धता सुनिश्चित करें। इसके अलावा अन्य प्रक्रिया पारदर्शी व सरल है। इससे किसान व आढ़ती राहत महसूस कर रहे हैं। इस अवसर पर बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, डीएफएससी कविता सिंह, डीपीआरओ मूर्ति दलाल, मार्किट कमेटी के विभिन्न अधिकारियों सहित आढ़ती और किसान व ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।
