ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, मार्च में किये 56,220 चालान
फरीदाबाद। ट्रैफिक पुलिस फरीदाबाद द्वारा सडक़ सुरक्षा को सुनिश्चित करने एवं दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। मार्च माह में यातायात पुलिस फरीदाबाद द्वारा नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 56,220 चालान किये गये हैं। जिनमें तेज गति से वाहन चलाने पर 7167, रॉन्ग साइड वाहन चलाने पर 3670, बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर 1502, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के 25057, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के 674, ट्रिपल राइडिंग के 1794, ब्लैक फिल्म के 1435, सीट बेल्ट 1318 तथा लेन चेंज की उल्लंघन पर 6108 चालान शामिल हैं।
यातायात पुलिस फरीदाबाद द्वारा इस वर्ष 3 माह में अब तक कुल 1,49,717 चालान किये गये हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तेज गति, गलत दिशा, बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट, नशे में वाहन चलाना एवं लेन अनुशासन का उल्लंघन, सडक़ दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। जिन पर नियंत्रण करना अत्यंत आवश्यक है।
यह भी पढ़ें
इसी उद्देश्य से नियमित रूप से अभियान चलाकर यातायात नियमों की उल्लंघना करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य दंड नहीं, बल्कि सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दुर्घटना-मुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। फरीदाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि वाहन चालक अपनी तथा अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें। नियमों की अनदेखी न केवल जान-माल के लिए खतरा है बल्कि कानूनन कार्रवाई को भी आमंत्रित करती है। आमजन के सहयोग से ही सडक़ सुरक्षा का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
