एससी अफसर द्वारा टिप्पणी के विरोध में जाट समाज ने दिया आंदोलन का अल्टीमेटम
फरीदाबाद। सोनीपत में बिजली बोर्ड के एक अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारी द्वारा जाट समाज को लेकर कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर फरीदाबाद के जाट समाज में भारी रोष देखा जा रहा है। शुक्रवार की दोपहर फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित ऐतिहासिक राजा नाहर सिंह पैलेस में जाट समाज की ओर से प्रेसवार्ता की गई। जिसमें समाज के कई प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया और घटना को लेकर अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
यह भी पढ़ें
इस दौरान जाट समाज के प्रतिनिधि संदीप चौधरी ने कहा कि बिजली बोर्ड के अधिकारी द्वारा जाट समाज के खिलाफ कथित रूप से इस्तेमाल किए गए अपमानजनक शब्द बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी समाज में आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बिगाडऩे का काम करती है। ऐसे बयान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जा सकते। संदीप चौधरी ने कहा कि जाट समाज इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी या व्यक्ति किसी समाज के खिलाफ इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी करने की हिम्मत न करे।
संदीप चौधरी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जाट समाज सडक़ों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के फरीदाबाद दौरे के दौरान जाट समाज का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात करेगा और पूरे मामले की जानकारी उन्हें देगा, ताकि समाज को न्याय मिल सके। जाट समाज के लोगों ने साफ शब्दों में कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। अगर प्रशासन ने समय रहते दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और पूरे प्रदेश में इसके खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।
