गेहूं खरीद में नए नियम लागू कर किसानों को परेशान कर रही भाजपा सरकार : रुपचंद लाम्बा

इनेलो जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मोहना अनाजमंडी में किया विरोध प्रदर्शन

फरीदाबाद। हरियाणा में भाजपा सरकार द्वारा लागू किए गए गेहूं खरीद को लेकर बायोमेट्रिक सत्यापन व ट्रैक्टर नंबर अनिवार्यता के नियमों के खिलाफ आज इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा के नेतृत्व में इनेलो कार्यकर्ताओं ने मोहना अनाजमंडी में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जुटे इनेलो कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों के हितों की आवाज बुलंद की। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य किसानों को आ रही समस्याओं को उजागर करना और सरकार पर दबाव बनाना रहा। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए इनेलो जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से किसान विरोधी सरकार है, गेहूं खरीद को लेकर लागू किए गए नए नियमों के चलते किसानों को भारी परेशानियां पेश आ रही है, खासकर ट्रेक्टर नंबर की अनिवार्यता को लेकर किसान दुखी है।

उन्होंने कहा कि यह सरकार किसानों को उनकी फसल का उचित मुआवजा देने में असमर्थ साबित हो रही है इसलिए नए नए नियम लागू करके उन्हें परेशान करने का काम कर रही है, जिसकी इनेलो पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है।  इनेलो जिलाध्यक्ष लाम्बा ने कहा कि गेहूं खरीद प्रक्रिया में बायोमेट्रिक सत्यापन और ट्रैक्टर नंबर अनिवार्य करने से किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार जमीन महिला के नाम होती है, ऐसे में उनका मंडी तक पहुंचना संभव नहीं हो पाता। वहीं जिन किसानों के पास खुद का ट्रैक्टर नहीं है, वे दूसरों के साधनों से फसल लाते हैं, जिससे नए नियम उनके लिए बाधा बन रहे हैं। श्री लाम्बा ने स्पष्ट तौर पर मांग रखी कि गेहूं की खरीद पुरानी पद्धति से ही की जाए।

उनका कहना है कि नई प्रक्रिया जटिल है और इससे छोटे व मध्यम किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान होगा। किसानों को मंडी में अपनी फसल बेचने के लिए अतिरिक्त औपचारिकताओं से गुजरना पड़ रहा है। इनेलो नेताओं ने कहा कि पार्टी हर परिस्थिति में किसानों और मजदूरों के साथ खड़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ही निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर महावीर मास्टर, देवी लाम्बा, ईश्वर नंबरदार, बसंत, बीरसिंह धानी, कुलबीर, सीताराम, रुपा, हरकेश, नरबीर इत्यादि मौजूद रहे।

You might also like