मेट्रोमोनियल ऐप के माध्यम से ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद। मेट्रोमोनियल ऐप के माध्यम से जान पहचान बढ़ाकर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने शनिवार को खाता उपलब्ध करवाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राज सहानिया(23) निवासी खिचडीपुर कल्याणपुरी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-2, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसने एक मेट्रोमोनियल ऐप (संगम डॉट कॉम) पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान उसकी एक लडक़ी से बातचीत शुरू हुई, बाद में फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से भी बातचीत जारी रही।
लडक़ी ने खुद को एक गेमिंग कंपनी तथा आईटी कंपनी में कार्यरत बताया। उसके द्वारा परिवार से मिलने की बात कहने पर आरोपी महिला द्वारा बहाना बनाकर टाल दिया गया और बाद में उसे एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से पैसे कमाने का झांसा दिया गया। महिला ने एक लिंक साझा कर शिकायतकर्ता को कम्पनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। शिकायतकर्ता उनके बताए अनुसार विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर करता रहा।
यह भी पढ़ें
जब उसने अपने पैसे निकालने चाहे, तो 2 लाख रुपये की मांग की गई, जिसका उसने भुगतान कर दिया। इस प्रकार आरोपियों ने कुल 45 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि राज ने प्रशांत (खाताधारक) से खाता लेकर ठगो को दिया था। वह बी.ए द्वितीय वर्ष का छात्र है। राज पहले नोएडा में एक निजी कंपनी में कॉलर का काम करता था, खाताधारक प्रशांत भी नोएडा की कंपनी में काम करता था, जहां पर इनकी आपस में मुलाकात हुई थी। राज को आगामी पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। खाताधारक प्रशांत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
