विश्व स्वास्थ्य दिवस पर फरीदाबाद में जागरूकता कार्यक्रमों की धूम, डीएलएसए ने विभिन्न स्थानों पर लगाए स्वास्थ्य शिविर
Faridabad: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बी.के. अस्पताल, फरीदाबाद, सिविल अस्पताल, बल्लभगढ़ तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खेड़ी कलां में आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त, ताऊ देवी लाल वृद्धाश्रम, एनआईटी, फरीदाबाद में सर्वोदय अस्पताल, फरीदाबाद के सहयोग से एक स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।
ये सभी कार्यक्रम माननीय श्री संदीप गर्ग, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के कुशल मार्गदर्शन तथा श्रीमती रितु यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के पर्यवेक्षण में संपन्न हुए।
इस अवसर पर श्रीमती रितु यादव ने उपस्थित लोगों को विश्व स्वास्थ्य दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने सभी को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रमों में आमजन, अस्पताल स्टाफ एवं अन्य प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न विषयों पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। वृद्धाश्रम में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में वृद्धजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।
इन कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस अवसर पर श्री कृष्ण लाल बजाज मैनेजर ताऊ देवीलाल वृद्ध आश्रम डॉक्टर संदीप व रविंद्र गुप्ता डिफेंस काउंसिल अन्य स्टाफ आफ सर्वोदय हॉस्पिटल उपस्थित रहे
