प्रशासन को सीधे जनता के द्वार पहुँचाना ही सरकार का मुख्य संकल्प: विधायक सतीश फागना
- रात्रि शिविर में डीसी आयुष सिन्हा ने ग्रामीणों की सार्वजनिक व व्यक्तिगत समस्याएं सुनी, दिए समाधान हेतु निर्देश
फरीदाबाद । एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जन-कल्याणकारी विजन को धरातल पर उतारते हुए जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘रात्रि ठहराव’ कार्यक्रम आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशानुसार, प्रशासन अब स्वयं जनता के द्वार पर पहुँचकर उनकी समस्याओं का त्वरित निपटारा सुनिश्चित कर रहा है। एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना ने गत रात्रि गांव पावटा में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ उपायुक्त आयुष सिन्हा, एडीसी अंजलि श्रोत्रिया भी मौजूद रही।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की तरफ से सभी का फूल माला पहनाकर और पगड़ी बांधकर अधिकारियों का स्वागत किया गया।
विधायक सतीश फागना ने कहा कि सरकार बुजुर्गों की पेंशन संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कर रही है और शेष लंबित मामलों का भी जल्द निस्तारण कर दिया जाएगा। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के विजन पर जोर देते हुए उन्होंने उन्हें जैविक खेती, मछली पालन और अन्य कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सेतु का कार्य करें।
यह भी पढ़ें
विधायक सतीश फागना ने क्षेत्र में हो रहे बुनियादी सुधारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सड़कों, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास बिना किसी भेदभाव के समान रूप से और तीव्र गति से जारी है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि भविष्य में भी नियमित अंतराल पर गांवों में कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि शासन और जनता के बीच सीधा संवाद और अधिक सुदृढ़ हो सके तथा लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
डीसी आयुष सिन्हा ने समाधान शिविर के साथ ही लोगों के घर द्वार उनकी जन सुनवाई करने के उद्देय से रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत प्रशासन गांव में पहुंच रहा है। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन हर समय नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए तत्पर है। किसी भी नागरिक की किसी भी विभाग से संबंधित यदि कोई समस्या है तो वह बिना किसी हिचक के प्रशासन के समक्ष रखें, उनका समयबद्ध ढंग से समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे गांव के विकास में अपना योगदान दें। गांव के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गांव के निवासियों की ओर से जो संयुक्त मांग पत्र आज प्रशासन को सौंपा गया है उसपर जिला प्रशासन त्वरित कार्यवाही करेगा और गांव के विकास के लिए धन की कमी को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा जो भी निजी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखी गयी हैं उन सभी के समाधान के लिए मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गये हैं और उनका जल्द से जल्द समाधान भी किया जाएगा।
इस अवसर पर बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, मंजू रानी, आजाद भड़ाना, कपिल शमशेर, प्रमोद, गजराज, राजपाल सहित पार्षदगण, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण सहित गांव के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
