फरीदाबाद में 12 लाख की लूट केस में आरोपी गिरफ्तार:बुलेट और 11.30 लाख रुपए बरामद
फरीदाबाद में 12 अप्रैल को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-9 के पास हुई 12 लाख रुपए की लूट की वारदात कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि आरोपियों द्वारा पहले से रची गई एक सुनियोजित साजिश थी। इस मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने चौथे आरोपी रवि कुमार को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है।
आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव बिजेरा का रहने वाला है और फिलहाल फ़रीदाबाद के करनेरा-समयपुर स्थित शिव कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक बुलेट मोटरसाइकिल और 11 लाख 30 हजार रुपए कैश बरामद किया है।
यह भी पढ़ें
ACP वरुण दहिया ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि इस मामले की शुरुआत एक शिकायत से हुई थी। अंकित निवासी चावला कॉलोनी (फरीदाबाद) ने पुलिस को बताया था कि उसे 12 अप्रैल को 12 लाख रुपए दिल्ली भिजवाने थे। इसके लिए उसने अपने परिचित प्रहलाद को पैसे देकर भेजा था।
प्रहलाद एक रैपिडो ड्राइवर के साथ बाइक पर सवार होकर पैसे लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। कुछ देर बाद प्रहलाद ने फोन कर बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-9 के पास 3 अज्ञात बाइक सवारों ने उसे रोक लिया और चाकू की नोक पर उससे 12 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए।
इस सूचना के बाद थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया और जांच अपराध शाखा सेक्टर-30 को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह वारदात अचानक नहीं हुई थी बल्कि पूरी योजना बनाकर अंजाम दी गई थी।
