ठेका कर्मियों को पक्का करने और ठेका समाप्त करने में कोई कानून अड़चन नहीं : सुभाष लांबा
नगर निगम व फायर कर्मियों की हड़ताल के चलते दूसरे दिन भी कामकाज रहा बूरी तरह प्रभावित
फरीदाबाद। नगर निगम व फायर विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण दूसरे दिन भी सफाई,सीवर व डोर टू डोर और रात्रि में होने वाला सफाई का काम बूरी तरह प्रभावित रहा। हड़ताली कर्मचारियों ने नगर निगम मुख्यालय पर सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर की अध्यक्षता में आम सभा का आयोजन किया। जिसका संचालन सचिव महेंद्र कुडिय़ां ने किया। आम सभा को अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा व मजदूर संगठन सीटू के महासचिव जय भगवान ने संबोधित किया और अपने संगठनों की तरह से हड़ताल व मांगों का पुरजोर समर्थन किया।
लांबा ने कहा कि 16 अप्रैल,2026 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 2014 की रेगुलराइजेशन की पालिसियों को वैध करार देने के बाद हरियाणा सरकार के सामने 23 व 31 दिसंबर,2025 के माननीय हाईकोर्ट के फैसले को लागू करने और दो साल सेवा पूरी कर चुके सभी प्रकार के ठेका व पार्ट टाइम कर्मियों को पक्का करने की पालिसी बनाने में कोई भी कानूनी अड़चन नहीं है और ना पहले थी। सरकार सर्वोच्च न्यायालय के का फैसला आने तक कोई पालिसी बनाने का केवल बहाना बना रही थी,अब वह भी खत्म हो गया है। उन्होंने सभी विभागों में काम करने वाले ठेका कर्मियों से एकजुट होकर रेगुलराइजेशन पालिसी बनाने के लिए निर्णायक आंदोलन का निर्माण करने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान दलीप बोहत, सचिव अनिल चिंडालिया व सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर ने कहा कि यह हड़ताल नगर निगमों, पालिकाओं व परिषदों से सभी प्रकार का ठेका समाप्त कर ठेका कर्मियों को पक्का करने, समान काम समान वेतन लागू करने,आबादी के अनुसार नए पद सृजित कर स्थाई भर्ती से भर बेरोजगारों को रोजगार देने,26 हजार रुपए न्यूनतम मासिक वेतन देने, कालका स्टील फैक्ट्री में आमजन की जान बचाने में शहीद हुए भवीचंद शर्मा व रणबीर सिंह को शहीद का दर्जा और मृतक आश्रितों को एक एक करोड़ आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को पक्की नौकरी देने आदि मांगों को लेकर की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस हड़ताल में आफिस का क्लरीकल स्टाफ के अलावा सफाई व सीवर कर्मचारी, सेनेटरी स्टाफ,माली, इलेक्ट्रीशियन व बेलदार सहित करीब चार हजार कर्मचारी हड़ताल पर हैं। हड़ताली कर्मचारियों ने सरकार व शहरी स्थानीय निकाय विभाग की वादाखिलाफी और मांगों के प्रति नकारात्मक रवैया के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बीके चौक से नीलम चौक तक जूलूस निकाला। भीषण गर्मी के बावजूद हड़ताल कर्मियों का आक्रोश देखते ही बनता था। सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होगा हड़ताल जारी रहेगी।
सभा में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के नेता रामकेश साहरण, टूरिज्म के नेता दिगंबर डागर और नगर निगम के नेता श्रीनंद ढकोलियां, राजबीर चिंडालिया,दर्शन सोया, शकुंतला,राजबती व विनोद आदि मौजूद थे। 16 फरवरी को मुजेसर स्थित कालका स्टील फैक्ट्री अग्निकांड में अकाल मृत्यु का शिकार हुए बृजपाल सिंह की विधवा पत्नी माया और प्रदीप कुमार की पत्नी कंचन भी आम सभा और प्रदर्शन में शामिल हुई। उन्होंने बताया कि अभी तक उन्हें सरकार व फैक्ट्री की तरफ से कोई भी मुआवजा और आर्थिक सहायता नहीं मिली है और उनका परिवार भूखमरी का कागार पर पहुंच गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि सफीदों में अग्निकांड में मृतकों के आश्रितों को पांच पांच लाख रुपए आर्थिक सहायता व नौकरी दी गई है। उसी तर्ज पर सरकार को कालका स्टील फैक्ट्री अग्निकांड में मारे गए मजदूरों के आश्रितों को आर्थिक मदद करनी चाहिए।
