मंत्री राजेश नागर ने निवास पर आयोजित किया खुला दरबार, जनसमस्याओं का मौके पर समाधान
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने अपने निवास पर खुले दरबार का आयोजन कर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया।
खुले दरबार में सेक्टर-37 से आए नागरिकों ने कई अहम मुद्दे उठाए। इनमें प्रमुख रूप से सेक्टर में अंदर जाने वाले रास्ते को बंद रखने की मांग की गई। इसके अलावा नए ट्यूबवेल लगाने, पानी की सप्लाई का समय 2 घंटे से बढ़ाकर 3 घंटे करने तथा सेक्टर-37 के एमसीएफ कार्यालय में बने अंडरग्राउंड वॉटर टैंक में लीकेज की समस्या को दूर करने की मांग शामिल रहीं। मंत्री राजेश नागर ने इन सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा बीपीटीपी पार्क एलीट फ्लोर्स के निवासियों ने भी अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने क्षेत्र के मुख्य चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लाल बत्ती लगाने तथा व्यस्त समय के दौरान लगने वाले जाम से राहत दिलाने हेतु प्रभावी इंतजाम करने की मांग की। मंत्री ने इस विषय पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए और कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें
वहीं वार्ड नंबर 44 के अंतर्गत आने वाले गांव मलेरना के निवासियों ने भी अपनी परेशानी मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि गांव में बने लगभग 50-60 मकानों को अवैध बताते हुए डीटीपी से मिले नोटिस के बाद वह काफी चिंतित और परेशान हैं। उन्होंने मंत्री से इस मामले में राहत प्रदान करने और कॉलोनी को नियमित करने की मांग की। मंत्री राजेश नागर ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाएगा और इस संबंध में उचित स्तर पर बातचीत कर सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सरकार जनहित के कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निपटारा समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए।
खुले दरबार के माध्यम से मंत्री ने यह स्पष्ट किया कि सरकार और प्रशासन जनता के बीच सीधा संवाद बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सके। इस पहल से क्षेत्र के लोगों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
