महाकवि गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती सैनिक कॉलोनी में श्रद्धा, भक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना के साथ संपन्न
फरीदाबाद।रामचरितमानस एवं हनुमान चालीसा जैसे अमर ग्रंथों के रचयिता महाकवि गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती ब्राह्मण एकता शक्ति संगठन, सैनिक कॉलोनी, फरीदाबाद के तत्वावधान में दिनांक 16 अगस्त 2026 को सैनिक कॉलोनी मार्केट प्रांगण में बहुत ही श्रद्धा एवं उल्लासपूर्वक मनाई गई।
सायं 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित इस 6 घंटों के धर्मोत्सव में सहस्रों श्रीराम एवं हनुमान भक्तों ने सहभागिता कर सम्पूर्ण प्रांगण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन एवं जयघोषों से वातावरण गूंजायमान हो उठा।
झांसी से पधारे श्री राम यश प्रचारक मंडली के साधकों द्वारा सुंदरकांड का सस्वर एवं भावपूर्ण पाठ प्रस्तुत किया गया। मंडली के ओजस्वी गायन ने श्रोताओं के अंतःकरण में भक्ति भाव का संचार किया।
ब्राह्मण एकता शक्ति संगठन के प्रधान पंडित श्री गुरुदेव कौशिक ने आगंतुकों का अभिनंदन किया। उन्होंने संगठन के ध्येय सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरण एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि फरीदाबाद की मेयर श्रीमती प्रवीन बत्रा जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि यह एक अभिनव अनुकरणीय प्रयास है ।
श्री वृंदावन धाम से पधारी परम पूज्या साध्वी समाहिता जी ने सारगर्भित प्रवचन में तुलसी साहित्य की युगानुरूप प्रासंगिकता को रेखांकित किया। उन्होंने विशेष रूप से हिन्दू राष्ट्र की अनिवार्यता पर बल देते हुए कहा कि “सनातन संस्कृति की रक्षा तभी सम्भव है जब समाज धर्म, संस्कार एवं राष्ट्रीय अस्मिता के प्रति संकल्पबद्ध होकर संगठित रूप से अग्रसर हो”। उनके अमृत वचनों से जनसमूह भावविभोर हो गया।
इस अवसर पर विद्याभारती के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव प्रसाद भारद्वाज जी , वरिष्ठ काँग्रेस नेता श्री विजय प्रताप सिंह , वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती नीरा तोमर, प्रदेश मंत्री भाजपा महिला मोर्चा श्रीमती अनीता शर्मा, हरियाणा ब्राह्मण सभा की महिला विंग अध्यक्ष श्रीमती आशा शर्मा, जिला ब्राह्मण सभा के श्री ईश्वर कौशिक, अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी भक्तजनों को ब्राह्मण समाज की ओर से सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा वितरित की गई।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती एवं भोजन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। ब्राह्मण एकता शक्ति संगठन के महासचिव श्री सुनील भारद्वाज ने समस्त श्रद्धालुओं, विशिष्ठ अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।