महिला की मौत, फांसी पर लटका मिला शव, पति पर हत्या का आरोप
फरीदाबाद। डबुआ में 28 साल की एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के परिजनों का आरोप है उसके पति ने मारपीट कर हत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। डबुआ थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका का पहचान चंचल (28) गाजियाबाद के सालीमार गार्डन के रूप में हुई है। शादी के बाद चंचल के दो बच्चे हैं, जिनमें 3 साल की बेटी हर्षु, 2 साल का बेटा नक्शु है। मृतका ने 12वीं क्लास तक की पढ़ाई की हुई है। मृतका के भाई विकास ने बताया कि शादी के समय बताया गया था की भगवान दास किसी निजी कंपनी में काम करता है। लेकिन शादी के बाद पता चला की वह कोई काम नहीं करता और जुआ खेलता है।
विकास ने बताया कि चंचल (28) की शादी फरीदाबाद के डबुआ के रहने वाले भगवान दास उर्फ धर्मेन्द्र के साथ 2018 में हुई थी। शादी के बाद से उसका पति चंचल के साथ मारपीट करने लगा था। मारपीट की वजह से शादी के दो 2 महीने बाद ही वह अपने मायके जाकर रहने लगी। 4 साल बाद 2021 में भगवान दास के परिवार के लोग चंचल के परिवार को मनाकर ससुराल ले आए। मृतका कि बहन नीतू ने बताया कि चंचल का पति भगवान दास शुरू से ही जुआ और सट्टा खेलता था। शादी के बाद से वह चंचल को पैसे के लिए परेशान करता था। जुआ में चंचल के कई सोने के गहने बेचकर पैसे हार चुका था। चंचल पर वह लगातार पैसे देने का दबाव बनाता था। उसी ने बहन को मारा। नीतू ने बताया कि मौत से करीब 20 मिनट पहले चंचल का उसके पास कॉल आया था।
जिसमें उसने बताया था कि भगवान दास का कॉल आए तो बोल देना कि उसके सोने के झुमके मां के पास रखे हैं। भगवान दास वे झुमके बेचकर जुआ खेलना चाहता है। नीतू ने बताया कि चंचल का कॉल के कटने के 20 मिनट बाद भगवान दास उसकी दूसरी बहन के पास फोन आया और कहा कि चंचल ने फांसी लगा ली है। नीतू और उसके परिवार के लोगों ने भगवान दास और उसके परिवार पर चंचल के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चंचल के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। पति ने पहले चंचल के साथ मारपीट की और फिर उसे फांसी पर लटका दिया। पुलिस जांच अधिकारी नितेश ने जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।