हरियाणा व्यापार मंडल ने की केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मुलाकात
फरीदाबाद। व्यापारियों की दुकानों के मालिकाना हक से जुड़ी समस्या को लेकर हरियाणा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने दुकानदारों की लंबित मांगों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखते हुए शेष दुकानों को फ्रीहोल्ड कराने की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि अंबेडकर चौक के आसपास करीब 650 दुकानें हैं, जिनमें से अधिकांश दुकानों को फ्रीहोल्ड किया जा चुका है, जबकि अभी भी 31 दुकानदार अपने मालिकाना हक के लिए प्रयासरत हैं। व्यापार मंडल ने कहा कि ये व्यापारी लंबे समय से अपनी दुकानों के मालिकाना हक की प्रक्रिया पूरी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
हरियाणा व्यापार मंडल के प्रधान राम जुनेजा ने केंद्रीय मंत्री से निवेदन किया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर लंबित मामलों का जल्द समाधान कराया जाए, ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके। इस अवसर पर हरियाणा व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष राम जुनेजा, प्रेम खट्टर, विनोद आहूजा के साथ नानक चंद कालड़ा, रुपेश अग्रवाल, पवन मेहंदीरत्ता, भारत अरोड़ा, दिनेश बंसल, अशोक कत्याल और विजय अरोड़ा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने केंद्रीय मंत्री से सकारात्मक कार्रवाई करते हुए सभी लंबित दुकानों का मालिकाना हक दिलाने की मांग की और उम्मीद जताई कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान होगा।