हिंदी को विज्ञान, तकनीक और रोजगार की भाषा बनाने का आह्वान

फरीदाबाद । राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद में हिंदी दिवस के अवसर पर प्राचार्य डॉ. रितिका गुप्ता के संरक्षण तथा हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा चौहान के संचालन में काव्य-पाठ प्रतियोगिता का हर्षोल्लासपूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के लगभग 25 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी काव्य प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। काव्य-पाठ प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. अंशु भट्ट, डॉ. गीता एवं डॉ. कविता ने अपनी साहित्यिक सूझ-बूझ से निष्पक्ष निर्णय दिए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में युवराज प्रथम रहे ,सुहानी द्वितीय रहीं , फरदीन तृतीय एवं चतुर्थ स्थान पर प्रियंका रही। हिन्दी विभाग की तरफ से सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. रितिका गुप्ता ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि हिंदी को केवल व्यवहार और बोलचाल तक सीमित न रखते हुए व्यापार, तकनीक और वैश्विक संवाद की सशक्त भाषा बनाने में योगदान दें।

हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा चौहान ने कहा कि हिंदी आज केवल साहित्य और बोलचाल की भाषा ही नहीं बल्कि हिंदी विज्ञान, तकनीक और रोजगार के अवसर प्रदान करने वाली अंतरराष्ट्रीय भाषा के रूप में प्रतिष्ठित होती जा रही है और कलम से कंप्यूटर तक प्रभावी हो रही है। हिन्दी दिवस कार्यक्रम में डॉ. ज्योत्सना, मोनिशा चौधरी,डॉ. रेनू सरदाना,डाॅ. सुप्रिया, लीना शर्मा ,मीनाक्षी रावत ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए इस देश के विकास में हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला और हिंदी उत्सव को रचनात्मकता प्रदान की। डॉ. पूनम अहलीवत ने प्रभावशाली मंच-संचालन करते हुए पूरे वातावरण को हिंदीमय बना दिया। हिंदी विभाग से श्रीमती मीनाक्षी रावत, सुश्री सोनल, डाॅ ललित, डॉ.रजनीश एवं डॉ. पूनम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा हिंदी को रोजगार, विज्ञान, तकनीक और व्यापार की वैश्विक भाषा बनाने की शपथ लेने से हुआ।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.