आध्यात्मिक योग से बेहतर समाज और वातावरण का निर्माण संभव : चौ. लक्ष्मी नारायण
आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान में चार दिवसीय योगासन प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
फरीदाबाद। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विश्व को एक बड़ी देन योग है, आज पूरा विश्व मोदी द्वारा दिखाए गए योग के रास्ते पर चल रहा है, इसी का परिणाम है कि आज आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान में अंतरराष्ट्रीय ज़ोन की योग महिला टीम में हिस्सा ले रही है, जो की मोदी की वैश्विक नेतृत्व की क्षमता को दर्शाती है। उक्त विचार व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के गन्ना एवं चीनी मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि अब देश योग के दूसरे चरण आध्यात्मिक योग की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा की आध्यात्मिक योग के सहारे हम बेहतर समाज और वातावरण का निर्माण कर सकेंगे। चौधरी लक्ष्मी नारायण आज सेक्टर 65 शाहपुर स्थित आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान में चार दिवसीय केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की राष्ट्रीय महिला योगासन प्रतियोगिता के शुभारंभ मौके पर उपस्थित देश भर से आई महिला योगासन टीमों के सदस्यों, प्रबंधकों के साथ-साथ फरीदाबाद के समस्त शिक्षाविदों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर चौ. लक्ष्मी नारायण ने कहा की आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान में जिस प्रकार से आज सीबीएसई के सभी 9 जोनों जिन में अंतर्राष्ट्रीय जोन भी शामिल है,
की टीमें हिस्सा ले रही है वह फरीदाबाद ही नहीं पूरे हरियाणा के लिए गर्व की बात है और वह इसके लिए संस्थान के अध्यक्ष चौधरी सत्यवीर डागर को बधाई देते हैं। इस मौके पर उन्होंने कहा की इस शुभारंभ के मौके पर वह जहां सभी प्रतिभागी बहनों की सफलता की कामना करते हैं, वही राधा रानी से यह प्रार्थना भी करते हैं कि उनकी यह सभी बहने योग की राह पर चलते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने शिक्षण संस्थान अपने शहरों और अपने राज्यों के साथ-साथ भारतवर्ष का नाम रोशन करें। उल्लेखनीय है कि सोमवार को सेक्टर 65 शाहपुर स्थित आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान में सीबीएसई बोर्ड की राष्ट्रीय स्तरीय महिला योगासन चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। इस चैंपियनशिप में सीबीएसई बोर्ड के सभी नौ जोनों जिन में 8 जोन भारतवर्ष के तथा एक जोन अंतरराष्ट्रीय टीमों का है, हिस्सा ले रहा है। संस्थान के अध्यक्ष चौ. सत्यवीर डागर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में करीब 800 से लेकर 900 अतिथियों का आगमन हुआ है, जिनमें विभिन्न जोनों की टीमों के खिलाडिय़ों के साथ-साथ उनके प्रबंधक शामिल है। चौ. डागर के अनुसार संस्थान में यह आयोजन चार दिन चलेगा तथा 2 अक्टूबर को इसका विधिवत्त समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। उनके अनुसार विभिन्न आयु वर्ग की टीमों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं, सीबीएसई मानकों के अनुसार यहां पर आयोजित की जाएगी। इसके लिए तीन अलग मंचों का निर्माण संस्थान के प्रांगण में किया गया है।
उनके अनुसार सीबीएसई बोर्ड द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक गौरव कुमार तथा तारकनाथ की देखरेख में बोर्ड द्वारा नियुक्त किए गए निर्णायक राष्ट्रीय मानकों के अनुसार परिणाम घोषित करेंगे। राष्ट्रीय स्तरीय महिला योगासन प्रतियोगिता के शुभारंभ के मौके पर सबसे पहले आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान के प्रांगण में विशाल मार्च पास्ट का आयोजन किया गया। जिसमें सीबीएसई के सभी 9 जोनों की टीमों ने हिस्सा लिया। इसके बाद संस्थान के सभागार में उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें प्रमुख रूप से फरीदाबाद में शिक्षा जगत के पितामह कहे जाने वाले सी वी रावल, आनंद मेहता, एच एस मलिक, बीडी शर्मा,नरेंद्र परमार, राजदीप सिंह, कमलेश डागर,सत्येंद्र भड़ाना, वेदपाल धनकड़,सतीश फोगाट, चंद्रभान शर्मा, चंद्र प्रकाश शर्मा, नंदराम गोयल, दीपक यादव सहित जिले के लगभग सभी प्रमुख शिक्षाविद उपस्थित थे। शुभारंभ मौके पर सीबीएसई की आठों जोनों के खिलाडिय़ों ने जहां दुर्लभ योगासन का प्रदर्शन कर योग के महत्व को दर्शाया,वहीं आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया।