वारदात की फिराक में घूम रहे दो आरोपी गिरफ्तार, 2 पिस्टल व 3 जिंदा कारतूस बरामद
फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के चलते क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से दो पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जतिन भाटिया निवासी NIT फरीदाबाद तथा नूर आलम निवासी लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार 2 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि NIT-1 क्षेत्र में दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर मौजूद हैं और किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से काबू कर लिया। तलाशी के दौरान जतिन के कब्जे से एक पिस्टल व तीन जिंदा कारतूस तथा नूर आलम के कब्जे से एक पिस्टल बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आपस में जानकार हैं। जतिन, पिस्टल व कारतूस 70 हजार रुपये में उत्तर प्रदेश से खरीदकर लाया था, जबकि नूर आलम ने एक पिस्टल अमृतसर से करीब 1.50 लाख रुपये में खरीदी थी।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि नूर आलम करीब तीन माह पहले अमृतसर पंजाब में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित है। उसके बाद ही वह जतिन के पास फरीदाबाद में रहने के लिए आया था।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। आरोपी जतिन के खिलाफ पूर्व में लड़ाई-झगड़े व हत्या के प्रयास से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं नूर आलम के खिलाफ भी पूर्व में हत्या, स्नैचिंग के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।