राष्ट्रीय महिला योगासन प्रतियोगिता में पानीपत का गुरु ब्रह्मानंद स्कूल ओवरऑल विजेता घोषित

फरीदाबाद। सेक्टर 65 शाहपुर स्थित आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान में पिछले चार दिनों से चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय महिला योगासन प्रतियोगिता पानीपत के गुरु ब्रह्मानंद स्कूल को ओवरऑल विजेता घोषित करने के साथ संपन्न हो गई।  रनर टीम के रूप में वेल मेल बोधी केंपस स्कूल तमिलनाडु की टीम रही।  आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान के चेयरमैन सत्यवीर डागर एवं सीबीएसई की तरफ से राष्ट्रीय प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक गौरव राय, तारकनाथ प्रमाणिक तथा डॉ. अजय शास्त्री ने सामूहिक रूप से विजेता टीम को ट्रॉफी भेंट की।  उल्लेखनीय है कि सेक्टर 65 शाहपुर स्थित आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान में गत 29 सितंबर को चार दिनों तक चलने वाली इस सीबीएसई की राष्ट्रीय महिला योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के चीनी एवं गन्ना मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के कर कमलों द्वारा किया गया था। आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान के चेयरमैन सत्यवीर डागर ने बताया कि चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में सीबीएसई के सभी 9 जोनों की टीमों ने हिस्सा लिया।  जिनमें 8 जोन भारत के तथा एक विदेशी जोन शामिल है।  श्री डागर के अनुसार इस प्रतियोगिता में कुल 830 महिला प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया तथा विभिन्न आयु वर्गों में सीबीएसई के मानकों के अनुसार यह प्रतियोगिता कराई गई।  जिसमें कुल मिलाकर डेढ़ सौ के आसपास पूरे देश और विदेश से आए स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लिया।   उल्लेखनीय है कि सीबीएसई ने पूरे देश को आठ जोनों में बांटा हुआ है, जबकि नौवां जोन विदेश का है।

इस जोन के तहत आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान में ओमान तथा अबू धाबी देश की टीमों ने हिस्सा लिया।  संस्थान के चेयरमैन चौ. सत्यवीर डागर के अनुसार सीबीएसई द्वारा नियुक्त किए गए पर्यवेक्षकों एवं अन्य पदाधिकारी की देखरेख में चार दिनों तक चली इन प्रतियोगिताओं में कुल 27 स्वर्ण पदक 28 सिल्वर पदक तथा 58 कान से पदक वितरित किए गए।  ओवरऑल विजेता गुरु ब्रह्मानंद स्कूल पानीपत को घोषित किया गया।  इस मौके पर चौ. सत्यवीर डागर ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागी योग के माध्यम से अपने स्कूल, शहर, जिला और प्रदेश का नाम पूरे विश्व में रोशन करेंगे।  उन्होंने सीबीएसई बोर्ड का भी इस बात के लिए आभार व्यक्त किया कि उन्होंने इस आयोजन के लिए पूरे देश में आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान का चयन किया।

श्री डागर ने सीबीएसई बोर्ड द्वारा यहां नियुक्त किए गए सभी पर्यवेक्षक व 23 सदस्य निर्णायक मंडल तथा एक तकनीकी विशेषज्ञ का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस प्रतियोगिता को इतनी सफलता व शांति के साथ संपन्न कराया।  इस मौके पर स्कूल की तरफ से छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। वहीं देश भर से आए विभिन्न स्कूलों के प्रबंधकों और टीम मैनेजर ने इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर इंतजाम के लिए आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान का आभार व्यक्त किया। अधिकतर टीम प्रबंधकों एवं प्रतिभागियों का कहना था कि उनको विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में जाने का मौका मिलता है,लेकिन आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान में राष्ट्रीय स्तरीय सुविधाएं और व्यवस्थाएं जिस प्रकार से समायोजित की गई है उसके लिए स्कूल प्रबंधन बधाई का पात्र है।  इन सभी ने कहा कि आशा ज्योति विद्यापीठ संस्थान का चयन कर सीबीएसई बोर्ड ने एक बेहतरीन कार्य किया है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.