फरीदाबाद निगम ने पानी-सीवर कनेक्शन के लिए लगाए विशेष कैंप, 18 दिसंबर तक अलग-अलग स्थानों पर सुविधा

फरीदाबाद। शहर में पानी और सीवर कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने और आमजन को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से  फरीदाबाद नगर निगम द्वारा विभिन्न जोनों में चार स्थानों पर विशेष कैंपों का आयोजन किया गया है। यह कैंप नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों के अनुसार तथा अतिरिक्त निगम आयुक्त सलोनी शर्मा के मार्गदर्शन में अलग-अलग डिवीजनों में लगाए गए हैं।

अतिरिक्त निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि कैंप लगने से नागरिकों को पानी और सीवर कनेक्शन से संबंधित कार्यों में काफी सहूलियत मिली है। सोमवार आज ओल्ड जोन-वन में जेई महेंद्र की देखरेख में शास्त्री कॉलोनी स्थित बांके बिहारी मंदिर में पानी व सीवर कनेक्शन के लिए कैंप लगाया गया, जो कल भी जारी रहेगा। ओल्ड जॉन 3 में भी एसडीओ कार्यालय सूर्या विहार में कैंप का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त एनआईटी जोन-दो में सैनिक कॉलोनी, शिव मंदिर सेक्टर-49 में क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी सुमन रतरा की देखरेख में कैंप का आयोजन किया गया, जहाँ कल भी नागरिकों की सुविधा के लिए कैंप लगाया जाएगा।

एनआईटी जोन-तीन में वार्ड नंबर-चार, सेक्टर-23 ए स्थित सामुदायिक भवन में जेई अजीत सिंह की देखरेख में कैंप लगाया गया। वहीं बल्लभगढ़ जोन-दो में जेई करण सिंह की देखरेख में नाहर सिंह कॉलोनी, बल्लभगढ़ स्थित जाट भवन में कैंप का आयोजन किया गया, जो कल भी लगाया जाएगा। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन कैंपों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने पानी व सीवर कनेक्शन से संबंधित कार्य समय पर पूर्ण कराएं।

सलोनी शर्मा ने बताया कि 16 दिसंबर (मंगलवार) को बल्लभगढ़ नाहर सिंह कॉलोनी (जाट भवन), बांके बिहारी मंदिर, शास्त्री कॉलोनी (ओल्ड फरीदाबाद, गुरुद्वारे के पास), ओल्ड फरीदाबाद (सूर्या विहार एसडीओ कार्यालय), शिव मंदिर सेक्टर-49 (सैनिक कॉलोनी) तथा कम्युनिटी सेंटर सेक्टर-23ए (वार्ड-4) में कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि 17 और 18 दिसंबर को कम्युनिटी सेंटर 33 फीट रोड, संजय कॉलोनी (एनआईटी जोन-3), रावल पब्लिक स्कूल, फ्रेंड्स कॉलोनी (बल्लभगढ़ जोन-1), के-ब्लॉक कम्युनिटी सेंटर (विद्या निकेतन स्कूल के पास, एनआईटी जोन-1), कम्युनिटी सेंटर अशोक एंक्लेव (ओल्ड जोन-3) तथा बौहरे धर्मशाला, पुरानी चुंगी, न्यू बसेलवा कॉलोनी (ओल्ड जोन-1) में कैंप आयोजित किए जाएंगे।

You might also like