दिल्ली-मथुरा हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, एनएचएआई के पहुंचने से पहले चालक फरार
फरीदाबाद। दिल्ली-मथुरा नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ का एक बड़ा मामला सामने आया है। बल्लभगढ़ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद बीच सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के चारों टायर ऊपर की ओर हो गए और कार का इंजन ऑयल सड़क पर फैल गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
हादसे के समय कार में दो से तीन लोग सवार थे। टक्कर के बाद घायल चालक को उसके साथियों ने बाहर निकाला और एनएचएआई की टीम के पहुँचने से पहले ही वे मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें
एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम के सदस्य प्रमोद ने बताया कि सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद जब टीम मौके पर पहुंची, तो कार पलटी हुई थी लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सुचारु करवाया। वाहन की तलाशी के दौरान कार के भीतर से बीयर और शराब की बोतलें सहित गिलास बरामद हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि हादसा शराब के सेवन के कारण चालक का नियंत्रण खोने से हुआ। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर फरीदाबाद का है। पुलिस को घटना की आधिकारिक सूचना दे दी गई है। पुलिस अब फरार कार सवारों की पहचान करने और उनके स्वास्थ्य की स्थिति जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज और वाहन के दस्तावेजों की जांच कर रही है।
