फरीदाबाद नगर निगम ने एक सप्ताह की मेगा सीलिंग ड्राइव में की 143 संपत्तियां सील
फरीदाबाद। नगर निगम द्वारा बकाया कर (प्रॉपर्टी टैक्स) की वसूली को लेकर चलाए जा रहे एक सप्ताह के ‘मेगा सीलिंग अभियान’ के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर 16 से 22 दिसंबर तक चले इस विशेष अभियान में बड़े बकायेदारों की संपत्तियों पर ताले लटकाए गए।
143 संपत्तियों पर निगम का ‘विंटर लॉक’
निगम आयुक्त के आदेशानुसार, अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा की देखरेख में सभी जोनों के क्षेत्रीय एवं कर अधिकारियों की टीमों ने छापेमारी की। इस एक सप्ताह के दौरान फरीदाबाद के विभिन्न इलाकों में कुल 143 संपत्तियों को सील कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इन संपत्तियों के मालिकों पर लंबे समय से भारी टैक्स बकाया था।
यह भी पढ़ें
करोड़ों का बकाया, मौके पर लाखों की वसूली
नगर निगम की इस मेगा सीलिंग ड्राइव के दौरान कुल 3 करोड़ 01 लाख 19 हजार 835 रुपये की डिफॉल्टिंग राशि चिन्हित की गई है। निगम की सख्त कार्रवाई को देखते हुए कई संपत्ति मालिकों में हड़कंप मच गया और उन्होंने मौके पर ही 54 लाख 49 हजार 686 रुपये का बकाया कर जमा कराया। निगम प्रशासन ने साफ किया है कि अन्य जोनों में भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
निगमायुक्त की अपील: स्वेच्छा से जमा करें टैक्स
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बकायेदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि टैक्स जमा न करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की, ‘संपत्ति मालिक जल्द से जल्द अपना बकाया टैक्स जमा करवाएं ताकि वे सीलिंग की कार्रवाई से बच सकें और शहर के विकास कार्यों में अपना सहयोग दें।’ नगर निगम का यह अभियान आगामी दिनों में और भी तेजी के साथ निरंतर जारी रहेगा।
