चुनावी बहाली को लेकर विद्यार्थी परिषद ने सौंपे ज्ञापन
फरीदाबाद। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद फरीदाबाद द्वारा आज जिले के सभी कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपे गए। परिषद के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों के माध्यम से राज्य सरकार एवं संबंधित प्रशासन तक अपनी मांगें पहुंचाईं। ज्ञापन में एबीवीपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि छात्र संघ चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला हैं और इन्हें लंबे समय से बंद रखा जाना छात्रों के अधिकारों का हनन है। परिषद ने मांग की कि छात्र संघ चुनावों को लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुसार शीघ्र बहाल किया जाए।
यह भी पढ़ें
एबीवीपी के प्रतिनिधियों ने बताया कि लिंगदोह समिति के दिशा-निर्देश छात्र राजनीति को पारदर्शी, स्वच्छ और जवाबदेह बनाने के लिए बनाए गए हैं। इन नियमों के तहत चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होती है, जिससे छात्र नेतृत्व का सही विकास संभव होता है। परिषद ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द चुनाव की तिथि घोषित की जाए और सभी कॉलेजों में समान रूप से चुनाव प्रक्रिया लागू की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ्रक्चङ्कक्क आगामी दिनों में व्यापक छात्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर एबीवीपी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्र हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
