फरीदाबाद में गोवंश काटने की सूचना पर बजरंग-दल का हंगामा
फरीदाबाद के सेक्टर-19 ओल्ड मार्केट के पास उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को रविवार सुबह गुप्त सूचना मिली कि एक दुकान के अंदर गोवंश काटा जा रहा है। सूचना मिलने के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक युवक का पीछा किया और उसके पीछे-पीछे दुकान तक पहुंच गए, जहां कथित रूप से मांस काटा जा रहा था।
राष्ट्रीय बजरंग दल के वार्ड अध्यक्ष दीपक शाक्य ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सुबह फतेहपुर तगा से कुछ लोग बाइक पर गोवंश काटकर ला रहे हैं और उसे सेक्टर-19 ओल्ड मार्केट के पास एक दुकान में रखा गया है। इस सूचना के बाद कार्यकर्ताओं ने बाइक सवार युवक का पीछा किया। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि युवक कपड़े में लिपटा हुआ मांस दुकान के अंदर ले जा रहा था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सेक्टर-19 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुकान के अंदर जांच की तो वहां से काफी मात्रा में मांस बरामद हुआ। पुलिस ने मांस को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया और दुकान पर मौजूद दो से तीन लोगों को पूछताछ के लिए चौकी ले गई।
यह भी पढ़ें
राष्ट्रीय बजरंग दल के दीपक शाक्य ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि ओल्ड रेड लाइट से सेक्टर-19 मार्केट के पास एक दुकान में गोवंश काटकर लाया गया है। उन्होंने कहा कि मौके से काफी मात्रा में मांस बरामद हुआ है और उन्हें शक है कि यह गोवंश का मांस हो सकता है।
उन्होंने मांग की कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाए और जिस दुकान में मांस रखा गया था उसके सभी कानूनी दस्तावेजों की भी जांच की जाए।
वहीं, सेक्टर-19 पुलिस चौकी इंचार्ज अजय कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान के अंदर मौजूद सभी मांस को जब्त कर लिया। चौकी इंचार्ज अजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, जहां एक दुकान के अंदर काफी मात्रा में मांस बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि मौके पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद थे, जिससे कुछ समय के लिए हंगामे जैसा माहौल बन गया था, जिसे पुलिस ने शांत करा दिया।
