मां ने डेढ़ साल की बेटी नाले में फेंकी, स्टूडेंट्स ने शव देखकर फरीदाबाद पुलिस बुलाई
हरियाणा के फरीदाबाद में एक महिला ने चुपचाप अपनी डेढ़ साल की मासूम बेटी को नाले में फेंक दिया और वहां से चली आई। नाले में डूबने से बच्ची की मौत हो गई। स्कूल जा रहे दो बच्चों ने उसका शव नाले में पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच शुरू की तो CCTV फुटेज में बच्ची की मां ही उसे गोद में उठाकर लेकर जाती हुई दिखाई दी। इसके बाद वह अकेली आई। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बच्ची को नाले में फेंकने की बात कबूल ली।
यह भी पढ़ें
पूछताछ में महिला ने बताया कि 6 बेटियों में यह सबसे छोटी थी। गरीबी के कारण उसे ऐसा किया। अब पुलिस जानकारी जुटाई रही है कि मामले में उसके पति का तो कोई रोल नहीं है। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की बात कही है।
पुलिस के मुताबिक, तीन दिन पहले यानि 23 अप्रैल को पल्ला थाना क्षेत्र में नाले में एक बच्ची का शव बरामद हुआ था। धीरज नगर और टीटू कॉलोनी पार्ट-2 के बीच से गंदे पानी का एक बड़ा नाला गुजरता है, जिसे स्थानीय लोग बुढ़िया नाला कहते हैं। नाले के ऊपर से आने-जाने के लिए स्थानीय लोगों ने एक कच्ची पगडंडी बना रखी है। दो स्कूली बच्चे वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने ही पगडंडी के नीचे नाले के किनारे बच्ची का शव लोहे के जाल में फंसा देखा।
इसके बाद दोनों बच्चों ने घर जाकर परिवार को इसकी जानकारी दी। लोग मौके पर पहुंचे और करीब जाकर देखा तो पता चला कि बच्ची मृत अवस्था में नाले के किनारे फंसी हुई थी। इसके बाद तुरंत पल्ला थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची के शव को नाले से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद पता चला कि बच्ची की उम्र करीब डेढ़ साल है, जिसकी पानी में डूबने से मौत हुई है।
