फरीदाबाद में 50% कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे: 5 से 20 नवंबर तक लागू रहेंगे आदेश, निर्माण कार्य और तोड़फोड़ पर रोक
फरीदाबाद । फरीदाबाद में 5 से 20 नवंबर तक सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारी ही ऑफिस आकर काम करेंगे, जबकि बाकी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करना होगा। इसके अलावा इस अवधि में धूल उड़ाने वाली निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर भी रोक रहेगी।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ये विशेष निर्देश जारी किए हैं। डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि फरीदाबाद में भी इन आदेशों को सख्ती से लागू कराया जाएगा।
आयोग के निर्देश दिल्ली के अलावा हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोनीपत तथा उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में लागू होंगे। इसके तहत सरकारी और निजी कार्यालयों में अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारी ही कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। बाकी कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा देनी होगी। हालांकि, जिन औद्योगिक इकाइयों और जरूरी सेवाओं में वर्क फ्रॉम होम संभव नहीं है, उन्हें इससे छूट दी गई है।
निर्माण और तोड़फोड़ पर रहेगी रोक :
सीएक्यूएम के आदेश के अनुसार, 5 से 20 नवंबर तक खुले में धूल उड़ाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ के काम पूरी तरह बंद रहेंगे। यह रोक सरकारी और निजी निर्माण परियोजनाओं पर लागू होगी। इसके अलावा सड़क, हाईवे, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज, पाइपलाइन, बिजली की लाइन और दूरसंचार से जुड़े निर्माण कार्य भी इसके दायरे में आएंगे। हालांकि रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, बस टर्मिनल, अस्पताल, जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित नियमों के तहत छूट दी गई है।
प्रदूषण बढ़ने से पहले उठाए एहतियाती कदम :
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि नवंबर में दिल्ली-एनसीआर की हवा अक्सर बेहद खराब हो जाती है। पराली और कचरा जलाने, वाहनों और अन्य स्थानीय स्रोतों से निकलने वाले धुएं के साथ हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषण बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए आयोग ने पहले से ही ये एहतियाती कदम उठाए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को आदेशों का पालन कराने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही इनकी निगरानी भी की जाएगी।