पर्वतीय कॉलोनी में ‘फर्जी’ डेंटल क्लिनिक पर रेड; स्वास्थ्य विभाग ने जब्त किए उपकरण, संचालक फरार

फरीदाबाद। पर्वतीय कॉलोनी स्थित बाबा मंडी के पास अवैध रूप से संचालित हो रहे एक प्राइवेट डेंटल क्लिनिक पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद हरकत में आए प्रशासन ने क्लिनिक की जांच की और वहां मौजूद उपकरणों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई से इलाके के अन्य अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है।
सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा को शिकायत मिली थी कि बाबा मंडी के पास ‘चौहान डेंटल क्लिनिक’ बिना किसी वैध पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेजों के चलाया जा रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि यहाँ लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इसके बाद सिविल सर्जन ने तीन डॉक्टरों की एक विशेष जांच टीम गठित की, जिसे शुक्रवार दोपहर पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा गया।
जब जांच टीम सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश के साथ मौके पर पहुँची, तो क्लिनिक संचालक क्लिनिक बंद करके फरार हो चुका था। पुलिस ने अपनी मौजूदगी में क्लिनिक को खुलवाया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अंदर रखे उपकरणों और दवाओं की बारीकी से पड़ताल की। टीम ने मौके से डेंटल सर्जरी और इलाज से संबंधित सभी उपकरणों को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।

सिविल अस्पताल के स्पेशलिस्ट डेंटल सर्जन डॉ. धीरज ने बताया कि दो दिन पहले स्थानीय लोगों और पुलिस के माध्यम से इस अवैध क्लिनिक की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल हमने सारा सामान जब्त कर लिया है और क्लिनिक संचालक को सिविल सर्जन के समक्ष पेश होने का नोटिस दिया गया है। मौके की जांच के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे सिविल सर्जन को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आरोपी संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की इस संयुक्त रेड ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में बिना डिग्री या पंजीकरण के क्लिनिक चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। डॉ. धीरज श्चंद्र ने कहा कि लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले ऐसे फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। फिलहाल विभाग जब्त किए गए सामान की सूची बनाकर मामले की गहराई से जांच कर रहा है।

You might also like