डॉक्टर पर कैंची से हमला कर सवा लाख लूटने वाले ‘सोनू और गंजू’ को पुलिस ने दबोचा
फरीदाबाद। एसजीएम नगर स्थित एक आई क्लिनिक में घुसकर डॉक्टर के साथ मारपीट, कैंची से जानलेवा हमला और नकदी लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना एसजीएम नगर पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए वारदात में शामिल दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 21 दिसंबर को पीड़ित डॉक्टर राहुल अपने क्लिनिक पर मौजूद थे। तभी सुनील और रोबिन नामक दो युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी रोबिन ने मेज पर रखी कैंची उठा ली और डॉक्टर पर हमला कर दिया। डॉक्टर के साथ बेरहमी से मारपीट करने के बाद दोनों आरोपी गल्ले में रखे एक लाख दस हजार लूटकर फरार हो गए। पुलिस की गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि हमले की वजह एक पुराना घरेलू विवाद था। आरोपी सुनील का पिता अपना मकान बेचना चाहता था और डॉक्टर राहुल वहां ग्राहक भेज रहे थे। सुनील इस बात से सख्त नाराज था कि उसका पिता घर बेच रहा है। इसी रंजिश को पालते हुए सुनील अपने दोस्त रोबिन के साथ क्लिनिक पहुँचा और वारदात को अंजाम दे डाला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन मोड में आई। एसजीएम नगर पुलिस टीम ने छापेमारी कर सुनील चौधरी उर्फ सोनू और रोबिन शर्मा उर्फ गंजू को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 70 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब शेष राशि और वारदात में इस्तेमाल अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी है। फरीदाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चिकित्सकों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
