जीवन नगर पार्ट-2 में कबाड़ी मार्केट में भीषण आग, लाखों का नुकसान

फरीदाबाद। मुजेसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोछी गांव के पास जीवन नगर पार्ट-2 में दयाल अस्पताल के नजदीक स्थित गंदे नाले के किनारे बनी कबाड़ी मार्केट में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग कबाड़ियों द्वारा बनाए गए छोटे-छोटे गोदामों में रखे गत्ते, फोम, थर्माकोल, प्लास्टिक की कटी पन्नियों और अन्य ज्वलनशील स्क्रैप सामग्री में लगी, जो कुछ ही समय में आसपास रखे कबाड़ तक फैल गई।

आग लगते ही पूरे इलाके में तेज काला धुआं फैल गया और ऊंची-ऊंची लपटें दूर से दिखाई देने लगीं। जलते कबाड़ की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाले के किनारे बने करीब छह से सात छोटे गोदाम आग की चपेट में आ गए थे, जिससे हालात और भी गंभीर हो गए। स्थिति को बिगड़ता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 की ईआरवी टीम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने के लगभग दस मिनट बाद फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। इसके बाद एक के बाद एक कुल पांच से छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एनआईटी फायर स्टेशन के अधिकारी सुखविंदर यादव ने बताया कि दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

फायर विभाग के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। बताया गया कि कबाड़ी यहां प्लास्टिक, गत्ता, फोम, थर्माकोल और लोहे का स्क्रैप इकट्ठा कर छोटे गोदामों में रखते हैं, जिससे आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रहती है। प्रारंभिक तौर पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जलती हुई वस्तु फेंके जाने या शरारत की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में कबाड़ियों का लाखों रुपये का स्क्रैप जलकर राख हो गया। आसपास पड़े कूड़े में भी आग फैलने से इलाके में कई घंटों तक जहरीला धुआं छाया रहा, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। राहत की बात यह रही कि आगजनी की इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

You might also like