घर लौट रही मां-बेटियों को गाय ने उठाकर पटका, हुई घायल
फरीदाबाद। फरीदाबाद में एक गाय ने बाजार से लौट रही महिला और उसकी दो बेटियों पर हमला कर दिया। गाय ने तीनों पर बेरहमी से हमला किया। पहले मां-बेटियों को सडक़ पर गिराकर कुचला और फिर सींग से उठाकर भी पटका। कुछ लोग बचाने आए तो गाय उनके पीछे भी दौड़ पड़ी और सींगों से मारने की कोशिश की। इसके बाद लोगों ने किसी तरह मां-बेटियों को गाय से बचाया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गाय महिला और दोनों बच्चियों को अपने पैरों से कुचलने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर उन्हें बचाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। यह घटना शुक्रवार शाम की है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। सेक्टर-15ए निवासी गगन खेड़ा की पत्नी अपनी दो बेटियों के साथ बाजार से सामान खरीदकर घर लौट रही थी। जैसे ही वे हनुमान मंदिर के पास अपनी गली के गेट पर पहुंचीं, वहां पहले से खड़ी दो-तीन गायों में से एक अचानक आक्रामक हो गई।
यह भी पढ़ें
सबसे पहले गाय ने छोटी बेटी को जमीन पर गिराकर उसे पैरों से कुचलने की कोशिश की। बेटी को बचाने के लिए मां तुरंत उसकी ओर दौड़ी। इसी दौरान गाय ने मुडक़र बड़ी बेटी का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ ही सेकेंड में उसने बड़ी बेटी को भी जमीन पर गिरा दिया और उसे कुचलने का प्रयास किया। मां ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों बेटियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन गाय बार-बार उन पर हमला करती रही। किसी तरह महिला अपनी दोनों घायल बेटियों को लेकर वहां से भागने लगी, लेकिन गाय ने उनका पीछा करते हुए फिर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गाय को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह उनके पीछे भी दौड़ पड़ी।
इसके बाद लोगों ने लाठी-डंडों की मदद से गाय को वहां से खदेड़ा, तब जाकर मां-बेटियों को राहत मिली। तीनों गंभीर रूप से घायल:इस हमले में मां और दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। गगन खेड़ा के अनुसार, उनकी छोटी बेटी के सिर में गहरी चोट आई है और उसे टांके लगाने पड़े हैं। बड़ी बेटी और उनकी पत्नी को भी काफी चोटें आई हैं। फिलहाल तीनों एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खडग़टा ने कहा कि शहर में आवारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए निगम की ओर से अलग टीम गठित की गई हैं। ये टीमें शहर के अलग-अलग हिस्सों में आवारा पशुओं को पकडऩे का काम कर रही हैं। इसके लिए अधिकारियों की ड्यूटी भी तय की गई है और अभियान लगातार जारी है।
