आप नेता अमन गोयल दो दिन के पुलिस रिमांड पर

फरीदाबाद। जमीन हड़पने और फर्जी दस्तावेज़ तैयार करने के एक गंभीर मामले में अदालत ने आम आदमी पार्टी के नेता अमन गोयल को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने कल अमन गोयल को गिरफ्तार किया था ।  पुलिस के अनुसार, यह मामला सेक्टर-35 स्थित प्लॉट नंबर 71 से जुड़ा है, जिस पर लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा था। शिकायतकर्ता माला शर्मा के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट तक चले केस में फैसला उनके पक्ष में आने के बावजूद आरोपी पक्ष ने कथित रूप से फर्जी एग्रीमेंट तैयार कर प्लॉट पर कब्जा करने की साजिश रची।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पुराने दिनांक का फर्जी एग्रीमेंट तैयार किया और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, पीडि़त पक्ष को धमकी देने के भी आरोप लगे हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही थाना सराय ख्वाजा, फरीदाबाद में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पर्याप्त सबूत मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए अमन गोयल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जरूरत पडऩे पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पीडि़त ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने राजनीतिक पहुंच का दुरुपयोग करते हुए जमीन हड़पने की कोशिश की और उन्हें लगातार धमकाया गया ।

You might also like