इशांत सोलंकी ने नॉर्थ ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर नेशनल के लिए किया क्वालीफाई
फरीदाबाद। विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल, घरौड़ा ब्रांच के कक्षा 9वीं के होनहार छात्र इशांत सोलंकी ने 45वीं नॉर्थ ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप ऑफ इंडिया में शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। इशांत की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, उनके माता-पिता, शिक्षकों और साथी विद्यार्थियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। देहरादून में आयोजित 45वीं नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप ऑफ इंडिया में इशांत सोलंकी ने 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत वर्ग में प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में इशांत ने अपने शानदार प्रदर्शन, एकाग्रता, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर जीत हासिल की और अब उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। यह प्रतियोगिता 17 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित की जा रही है। यह प्रतिष्ठित शूटिंग चैंपियनशिप नेशनल रिफेल एसो. ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की जाती है। नॉर्थ ज़ोन स्तर पर सफलता हासिल करने के बाद अब इशांत दिसंबर में आयोजित होने वाली नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि राष्ट्रीय स्तर पर भी इशांत अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेंगे। इशांत की सफलता पर विद्यालय चेयरमैन धर्मपाल यादव ने उन्हें और उनके माता-पिता को हार्दिक बधाई दी।
स्कूल चेयरमैन ने कहा कि यह उपलब्धि केवल इशांत की मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि उनके माता-पिता के सहयोग, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और उनकी स्वयं की लगन एवं अनुशासन का भी प्रमाण है। विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इशांत की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें नेशनल चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं। स्कूल का मानना है कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में विद्यार्थियों की भागीदारी उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इशांत सोलंकी की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। यह सफलता संदेश देती है कि मेहनत, अनुशासन, एकाग्रता और सही मार्गदर्शन के साथ कोई भी विद्यार्थी अपने सपनों को सफलता में बदल सकता है। विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल परिवार इशांत को नेशनल चैंपियनशिप के लिए ढेरों शुभकामनाएं देता है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।