एफआईएमटीआईए की 6वीं कार्यकारिणी बैठक संपन्न: औद्योगिक क्षेत्र के विकास और एमएसएमई नीति पर हुई सार्थक चर्चा
फरीदाबाद। आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एफआईएमटीआईए ) की 6वीं कार्यकारिणी बैठक एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत शर्मा की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में पिछले दो महीनों के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आईएमटी फरीदाबाद के आगामी विकास परियोजनाओं और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी हरीश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि एचएसपीसीबी के एसडीओ सुनील यादव ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की और उद्यमियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर क्षेत्र में पार्किंग की समस्या, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, एचएसआईआईडीसी एवं नगर निगम के बीच समझौते तथा नई एमएसएमई नीति से मिलने वाले लाभों जैसे प्रमुख विषयों पर गंभीरता से चर्चा की गई।
एफआईएमटीआईए के अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने कहा कि उद्योग, समाज, प्रशासन और सरकार के साथ मिलकर आईएमटी फरीदाबाद के समग्र एवं सतत विकास के लिए हमारे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के सक्रिय सहयोग और सहभागिता के लिए उनका आभार व्यक्त किया।