रक्षाबंधन पर भी जारी रही निगम कर्मचारियों की हड़ताल, सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

फरीदाबाद। नगर निगम मुख्यालय पर अपनी मांगों को लेकर निगम कर्मचारियों की हड़ताल 23वें दिन भी जारी रही। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवकाश के बावजूद कर्मचारी धरना स्थल पर डटे रहे। प्रदर्शन की अध्यक्षता सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर ने की, जबकि मंच संचालन लक्ष्मण पारचा ने किया।

कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राज्य सचिव सुनील चिंडालिया, अनूप चिंडालिया, जिला प्रधान दलीप बोहोत और जिला सचिव अनिल चिंडालिया ने सरकार पर सफाई कर्मचारियों के शोषण का आरोप लगाया। यूनियन नेताओं ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में कर्मचारियों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि ओल्ड फरीदाबाद में पुलिस ने महिला कर्मचारी को 2 घंटे बंदी बनाकर रखा और 1 नंबर कोतवाली में 15 सफाई कर्मी नेताओं को हिरासत में लिया, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।

यूनियन नेताओं ने कहा कि एक तरफ सरकार रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दे रही है, वहीं दूसरी तरफ रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रही महिला सफाई कर्मचारियों पर पुलिस से कार्रवाई करवा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार कोर्ट का बहाना बनाकर कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने से टालमटोल कर रही है।

कर्मचारी नेताओं ने दो टूक कहा कि जब तक हरियाणा के सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जाता, तब तक यह हड़ताल समाप्त नहीं होगी। इस अवसर पर कमला, अजय शास्त्री, राहुल चिंडालिया, देवीचरण शर्मा, मेघ श्याम, रंजीत शुक्ला, सौरभ श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला कर्मचारी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.