मरीजों के स्वास्थ्य और सकारात्मक वातावरण के लिए ईएसआईसी में योग शिविर आयोजित
चिकित्सकों, विद्यार्थियों, अस्पताल स्टाफ सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने लिया भाग
फरीदाबाद। एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में मरीजों, उनके परिजनों, अस्पताल के कर्मचारियों तथा आसपास के क्षेत्र के नागरिकों के लिए स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से सात दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. कालिदास चव्हाण दत्तात्रेय ने बताया कि शिविर के माध्यम से लोगों को योग एवं प्राणायाम के नियमित अभ्यास के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आज आयोजित योग शिविर में डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल ने बतौर मुख्यथिति शिकरत की।
सर्जन एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. हेमंत अत्री ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की ओर से आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी योग शिविर में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। आयोजन का उद्देश्य योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के साथ-साथ अस्पताल परिसर में सकारात्मक, शांतिपूर्ण और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण को बढ़ावा देना है। शिविर के दौरान विशेषज्ञ योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम, ध्यान एवं शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े अभ्यास करवाए जाएंगे। प्रतिभागियों को योग के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक तनाव को कम करने और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सर्जन एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. हेमंत अत्री ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में योग शिविर में भाग लेकर इसका लाभ उठाएं। योग शिविर आगामी रविवार तक प्रतिदिन प्रात: 5:30 बजे से ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, एनआईटी-3 के ओपन ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा तथा हवन के साथ इस योग शिविर का समापन किया जाएगा।