हरियाणा को मिलेगा भरपूर फोर्टीफाइड राइस : राजेश नागर
हरियाणा में राइस मिलर्स 30 सितंबर तक कर सकेंगे फोर्टिफाइड राइस की आपूर्ति
फरीदाबाद। हरियाणा में चालू खरीफ सत्र के दौरान धान की खरीद का अनुमान बढ़ाए जाने पर हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और राज्य में धान की खरीद, मिलिंग तथा प्रोसेसिंग का कार्य पहले की अपेक्षा अधिक व्यापक स्तर पर किया जा सकेगा। मंत्री राजेश नागर ने बताया कि उन्होंने हाल ही में केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात कर हरियाणा में धान खरीद और फोर्टीफाइड राइस आपूर्ति बढ़ाने की मांग रखी थी। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष भी किसानों और प्रदेश के हित में यह विषय प्रमुखता से रखा था।
उनकी मांग पर केंद्र सरकार द्वारा सकारात्मक निर्णय लिए जाने पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष रूप से धन्यवाद किया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2025-26 के दौरान हरियाणा में धान खरीद के अनुमान को बढ़ाकर 59.62 लाख मीट्रिक टन करने की स्वीकृति प्रदान की है। इससे पहले गत वर्ष हरियाणा में धान खरीद का अनुमान 53.98 लाख मीट्रिक टन था। इस प्रकार इस वर्ष प्रदेश में पहले की तुलना में अधिक फोर्टीफाइड राइस मिलेगा। मंत्री नागर ने कहा कि केंद्र सरकार ने यह निर्णय पिछले दो खरीद सत्रों के दौरान हरियाणा में हुई धान खरीद की प्रवृत्ति, राज्य में फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति के लिए निर्धारित लक्ष्य, खरीद प्रक्रिया के अंत में राज्य द्वारा की गई
भौतिक सत्यापन प्रक्रिया तथा हरियाणा सरकार और भारतीय खाद्य निगम द्वारा संयुक्त रूप से बिना मिलिंग किए गए धान के स्टॉक के सत्यापन सहित विभिन्न तथ्यों का अध्ययन के आधार पर लिया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने फोर्टिफाइड राइस की मिलिंग एवं आपूर्ति के लिए निर्धारित अवधि को भी बढ़ाकर 30 सितंबर कर दिया है। इससे प्रदेश के राइस मिलर्स को अतिरिक्त समय मिलेगा और धान की मिलिंग एवं फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सकेगी। राजेश नागर ने कहा कि उनकी अनुशंसा के बाद हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने चालू वित्त वर्ष में अनुमानित धान खरीद बढ़ाने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखी थी। अब केंद्र की मंजूरी मिलने से प्रदेश को भरपूर फोर्टीफाइड राइस मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से किसानों के हित में लगातार प्रभावी निर्णय ले रही है।