हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर के निवास पर रविवार को साप्ताहिक खुले दरबार का आयोजन
- मंत्री राजेश नागर ने लोगों की अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही किया समाधान
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर के निवास पर रविवार को साप्ताहिक खुले दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से लोग अपनी स्थानीय समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे। मंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। कुछ मामलों में संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
खुले दरबार में बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी पहुंचे, जिन्होंने पहले बताई गई अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मंत्री राजेश नागर का धन्यवाद किया। लोगों ने कहा कि नियमित रूप से आयोजित होने वाले खुले दरबार के कारण उन्हें अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि उनके निवास पर प्रत्येक रविवार को खुले दरबार का आयोजन किया जाता है। इसमें क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं लेकर आते हैं और उनका प्रयास रहता है कि संबंधित समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके प्रेरणा स्रोत हैं। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मंत्री ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित किया है। भाजपा के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही हैं। विकास की इस यात्रा में जनता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।