जीआरपी ने चेकिंग के दौरान 30 किलो डोडा पोस्त के साथ युवक और नाबालिग को पकड़ा
फरीदाबाद। रेलवे पुलिस फरीदाबाद द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी टीम ने चेकिंग के दौरान 30 किलो डोडा पोस्त सहित दो आरोपियों को काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों में 26 वर्षीय सुखदीप और एक नाबालिग लड़का शामिल है।
पुलिस के अनुसार, जीआरपी के एसआई धनीराम और उनकी टीम ने चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को दो कट्टों में रखे करीब 30 किलो डोडा पोस्त के साथ दबोचा। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपी भटिंडा, पंजाब के रहने वाले हैं और कथित रूप से इस अवैध नशीले पदार्थ को कोटा, राजस्थान से लेकर भटिंडा जा रहे थे।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले की आगे की जांच महिला एएसआई सुदेश कुमारी द्वारा की जा रही है। रेलवे पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपराध मुक्त और नशा-मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं ताकि युवाओं को नशे की दलदल से बचाया जा सके।