फरीदाबाद हाफ मैराथन बनेगा जिले के लिए यादगार आयोजन : आयुष सिन्हा
फरीदाबाद। आगामी 27 सितंबर को सूरजकुंड में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन को लेकर उपायुक्त आयुष सिन्हा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की है। इस भव्य आयोजन का फ्लैग ऑफ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की गरिमा को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी गंभीरता और आपसी समन्वय के साथ समय से पहले पूरी की जाए, क्योंकि इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
डीसी आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया कि यह मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ का मजबूत संदेश देने वाला एक बड़ा जन-अभियान है। उन्होंने चेतावनी दी कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और मंच की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे कार्यक्रम स्थल और रूट का संयुक्त निरीक्षण कर कमियों को दूर करें ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में एडीसी अंजली श्रोत्रिया, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद और नगराधीश अंकित कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।