रिटायर्ड बैंक कर्मचारी से निवेश के नाम पर 3.22 लाख ठगे, सॉफ्टवेयर इंजीनियर समेत तीन गिरफ्तार

फरीदाबाद। निवेश के नाम पर रिटायर्ड बैंक कर्मचारी से 3,21,999 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को 21 सितंबर को उत्तराखंड से काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुर श्रीवास्तव (36) निवासी लखनऊ, उत्तर प्रदेश, विवेक राय (20) और प्रकाश सरकार (33) निवासी ऋषिकेश, उत्तराखंड के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करते थे।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-7 डी निवासी रिटायर्ड बैंक कर्मचारी ने शिकायत में बताया कि 16 अप्रैल को फेसबुक पर 21,999 रुपये निवेश करने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद व्हाट्सऐप के जरिए उससे संपर्क किया गया और शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने का झांसा दिया गया। पीड़ित ने 16 से 29 अप्रैल के बीच कुल 3,21,999 रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद उसे रकम वापस नहीं मिली। जांच में सामने आया कि प्रकाश सरकार ने विपुल रॉय से कपिल का बैंक खाता लेकर विवेक और अंकुर को दिया था। दोनों ने टेलीग्राम के माध्यम से खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया। अंकुर बीटेक पास और सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, जबकि विवेक 12वीं और प्रकाश 8वीं पास है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार कपिल और विपुल रॉय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.