पल्ला-सेहतपुर से बसंतपुर रोड बनेगा फोरलेन : राजेश नागर

- मंत्री राजेश नागर की कोशिशें रंग लाई, करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण  - 4.6 किलोमीटर से अधिक लंबे मार्ग पर बस स्टॉप सहित मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, लाखों लोगों को मिलेगा लाभ

फरीदाबाद। तिगांव विधानसभा क्षेत्र में पल्ला-सेहतपुर से बसंतपुर जाने वाले प्रमुख मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा। करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से 4.6 किलोमीटर से अधिक लंबे इस मार्ग का निर्माण किया जाएगा। फोरलेन बनने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ लोगों को आवागमन में भी बड़ी सुविधा मिलेगी।

हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने बताया कि क्षेत्र के विकास और लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पल्ला-सेहतपुर से बसंतपुर रोड को फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से क्षेत्र की जरूरत रही है। अब इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

मंत्री राजेश नागर ने बताया कि प्रस्तावित फोरलेन मार्ग पर बस स्टॉप सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी होंगी, जिससे दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिल सके। इस मार्ग के निर्माण से पल्ला, सेहतपुर, बसंतपुर, अगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाली बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सड़क के फोरलेन बनने से यातायात का दबाव कम कर आवागमन सुगम बनाने और क्षेत्र के विकास को गति देने में मदद मिलेगी। साथ ही आसपास के इलाकों सेक्टर 35, 37, अशोका एनक्लेव, सराय ख्वाजा, मोलरबंध, एत्मादपुर, आईपी कॉलोनी, बदरपुर, अगवानपुर डेरी आदि से कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

मंत्री राजेश नागर ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी और आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है और तिगांव विधानसभा क्षेत्र में भी लोगों की जरूरत के अनुरूप विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.