आयुष्मान भारत योजना से जरूरतमंद नागरिकों को मिला निःशुल्क उपचार का लाभ

फरीदाबाद । प्रदेश सरकार द्वारा आमजन के कल्याण तथा पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियां सामने आ रही हैं।

इसी कड़ी में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से उपचार का लाभ प्राप्त करने वाले नागरिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि योजना उनके लिए आर्थिक संबल के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का माध्यम बनी है। लाभार्थियों ने बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उन्हें अस्पताल में उपचार, ऑपरेशन एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं बिना आर्थिक बोझ के उपलब्ध हुईं।

उपचार का लाभ लेने वाले लाभार्थी जशपाल ने बताया कि उनके कूल्हे का उपचार आयुष्मान भारत योजना के तहत किया गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने से लेकर ऑपरेशन और उपचार तक उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने चिकित्सकों एवं अस्पताल के स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें बेहतर उपचार मिला और योजना उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुई।

इसी प्रकार एक अन्य लाभार्थी जितेंद्र ने बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उन्हें पैर से संबंधित उपचार उपलब्ध हुआ तथा पैर में रॉड डालने की प्रक्रिया भी योजना के तहत करवाई गई। उन्होंने कहा कि उपचार के दौरान दवाइयों सहित आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी सुचारू रूप से मिलीं। लाभार्थी ने आयुष्मान भारत योजना को जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि योजना की वजह से उन्हें उपचार करवाने में आर्थिक परेशानी नहीं उठानी पड़ी।

फिरोजपुर कला से उपचार के लिए आई महिला लाभार्थी राजबाला ने बताया कि उनका घुटना प्रत्यारोपण आयुष्मान कार्ड के माध्यम से किया गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में ऑपरेशन सहित उपचार की सभी सुविधाएं उन्हें संतोषजनक रूप से मिलीं और किसी प्रकार की परेशानी या अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।

इसी कड़ी में सेक्टर-23, संजय कॉलोनी निवासी रामभगत प्रजापति ने बताया कि उनके दोनों घुटनों में समस्या थी और उपचार की आवश्यकता थी। उन्होंने निजी अस्पतालों में भी उपचार के लिए संपर्क किया था, जहां उन्हें उपचार पर लगभग 4 से 5 लाख रुपये का खर्च बताया गया। आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह खर्च उनके लिए काफी अधिक था। इसके बाद उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार करवाया, जहां उन्हें निःशुल्क उपचार की सुविधा मिली। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उनका उपचार बेहतर तरीके से हुआ और उन्हें किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ा।

लाभार्थियों ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों एवं महंगे उपचार की स्थिति में पात्र परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने सरकार की इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को समय पर उपचार उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इन लाभार्थियों के अनुभवों को सामने लाने का उद्देश्य भी यही है कि अधिक से अधिक पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.