प्रापर्टी डीलर को बंधक बनाकर एक करोड़ की लूट मामले में चार आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद। पिस्टल की नोक पर बंधक बनाकर एक करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की डकैती करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान साहुन खान निवासी गांव फतेहपुर तगा, हैदर अली उर्फ इमामुद्दीन निवासी गांव मढ़ेपुर, मोहम्मद आरिफ निवासी गांव डिडौली व मोसीब आलम निवासी गांव फतेहपुर माफी, उत्तर प्रदेश के रुप में हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आरोपी साहुन निवासी गांव फतेहपुर तगा को जानकारी थी कि शिकायतकर्ता अब्दुल कदीम ने अपनी जमीन बेची है और जमीन बेचने से प्राप्त नगदी उसके घर पर रखी हुई है।

साहुन ने अपने जानकार लियाकत से संपर्क कर उसे शिकायतकर्ता के घर पर मोटी नगदी होने की जानकारी दी तथा डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए कहा। लियाकत पहले भी डकैती जैसी वारदातों को अंजाम दे चुका है। जिसके बाद लियाकत ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक टीम बनाई और वारदात करने का प्लान बनाया। लियाकत के कहने पर सात व्यक्ति निजाम, तयुब, रिहान, सलिम, हैदर अली, आरिफ, मोसीब अर्टिगा गाडी से फतेहपुर तगा पहुंचे। साहुन ने दो व्यक्ति को मोटरसाईकिल पर बैठा कर शिकायकर्ता के घर की रैकी करवाई और घर में आने जाने के सभी रास्तों की जानकारी दी। फिर 25/26 सितंबर 2026 की रात को करीब 2 बजे सभी आरोपित शिकायतकर्ता के घर के बाहर पहुंचे जिनमें से पांच लोग घर के अंदर घुसे और दो गाडी को लेकर साईड में चले गये और उन पांच लोगों ने घर में घुस कर शिकायतकर्ता को बंधक बनाया और घर में रखे एक करोड़  चार लाख 80 हजार रुपए लूट ले गये।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता अब्दुल कदीम निवासी जोहड़ कॉलोनी, फतेहपुर तगा की शिकायत पर थाना धौज में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता अनुसार 25 सितंबर 2026 को अपने पुराने मकान से नए मकान में सामान शिफ्ट किया था। देर रात 4-5 युवक उसके मकान में घुस आए, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। इनमें से एक आरोपी ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगा दी और कमरे की चाबी मांगी। आरोपियों ने उसके हाथ पीछे की ओर बांध दिए। मुंह और पैर भी बांध दिए। इसके बाद लोहे की रॉड से कमरे और संदूक का ताला तोडक़र कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की नकदी लूट कर ले गये। आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.