आतिशबाजी की गूंज और रामनाम के उद्घोष के बीच रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले हुए स्वाहा
फरीदाबाद। कलपुर्जो की नगरी में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले जलाकर विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। शहर के विभिन्न दशहरा मैदानों में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। आतिशबाजी की गूंज, श्रीराम के जयघोष और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। प्रमुख आयोजन स्थलों पर रावण दहन देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।
एनआईटी दशहरा मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण का दहन
एनआईटी दशहरा मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण, 60 फीट ऊंचे कुंभकरण और 60 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान गगनभेदी आतिशबाजी और रंग-बिरंगे पटाखों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोग शामिल हुए।
दशहरा कमेटी की ओर से पारंपरिक मेले का आयोजन किया गया। सुबह से ही मैदान में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। रामलीला की शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की सेना के पहुंचने पर राम और रावण की सेनाओं के बीच युद्ध का मंचन किया गया। इस दौरान मेघनाद, कुंभकरण और रावण की पराजय के बाद श्रीराम के जयघोष के बीच पुतलों का दहन हुआ।
इस बार 3डी लंका दहन कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहा। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में पहुंचे। शाम को हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने उत्सव का रोमांच बढ़ा दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके साथ विधायक धनेश अदलखा, विधायक सतीश फागना सहित अनेक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बल्लभगढ़ में मंत्रियों की मौजूदगी में हुआ रावण दहन
बल्लभगढ़ दशहरा मैदान में भी रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले धू-धू कर जले। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि रहे, जबकि विधायक मूलचंद शर्मा ने अध्यक्षता की। भाजपा महानगर अध्यक्ष सोहन पाल छोंकर मौजूद रहे।
पुतला दहन से पहले बल्लभगढ़ के मुख्य बाजार में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मोहना मार्ग स्थित पंजाबी धर्मशाला से शुरू होकर गुप्ता होटल चौक, ऊंचा गांव बाजार, महाराजा अग्रसेन चौक, मुख्य बाजार, आंबेडकर चौक और बस अड्डा मार्केट से होते हुए दशहरा मैदान पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर शहरवासियों ने श्रीराम और लक्ष्मण की झांकियों का स्वागत किया।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी हुए आयोजन
फरीदाबाद में एनआईटी और बल्लभगढ़ के अलावा सेक्टर-37 कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर-31 बंगाल शूटिंग दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-16ए दशहरा ग्राउंड, ओल्ड फरीदाबाद के बराही तालाब, सूरजकुंड के पास एमसीएफ मैदान और ग्रीन फील्ड कॉलोनी में भी दशहरा उत्सव मनाया गया। बल्लभगढ़ में सेक्टर-3 स्थित अग्रवाल स्कूल के पास भी आयोजन हुआ।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
दशहरा आयोजनों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए। प्रमुख मैदानों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई, ताकि लोगों की आवाजाही व्यवस्थित रहे। मेलों में खान-पान के स्टॉल और मनोरंजन के साधन भी आकर्षण का केंद्र रहे। लोगों ने परिवार के साथ मेले का आनंद लिया और एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।