बिजली हड़ताल : 13 घंटे से बिजली गुल, लोगों ने रोड किया जाम
फरीदाबाद। फरीदाबाद के एनआईटी-2 में लखानी धर्मशाला के पास बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के कार्यालय के बाहर सडक़ पर बैठकर प्रदर्शन किया और फिर रोड जाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि पिछले करीब 13 घंटे से इलाके में बिजली नहीं आ रही है। इससे घरों में पानी की किल्लत हो गई है और रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। जाम के कारण सडक़ पर यातायात भी बाधित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। प्रदर्शन कर महिला पूजा और कनिका शर्मा ने बताया कि लंबे समय से बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण घरों में पानी खत्म हो चुका है। बिजली के बिना पानी की मोटर नहीं चल पा रही है। इससे परिवारों को पीने और दूसरे जरूरी कामों के लिए पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ पर बैठे बीरेन्द्र ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है। इसी के विरोध में उन्होंने बिजली कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
हरियाणा में बिजली कर्मचारियों और इंजीनियरों ने 22 से 24 अक्टूबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। कर्मचारी गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को बिजली वितरण का समानांतर लाइसेंस देने के फैसले का विरोध कर रहे हैं। कर्मचारियों की मांग है कि इस लाइसेंस को वापस लिया जाए। उनका कहना है कि इससे सरकारी बिजली निगम और कर्मचारियों के हित प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, एनआईटी-2 में बिजली आपूर्ति बाधित होने का सीधा कारण अभी बिजली विभाग की ओर से स्पष्ट नहीं किया गया है। रोड जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन लोग बिजली आपूर्ति बहाल होने तक सडक़ से हटने को तैयार नहीं थे। अब सवाल यह है कि बिजली आपूर्ति कब तक बहाल होगी और पानी की किल्लत से जूझ रहे लोगों को राहत कब मिलेगी। बिजली विभाग की ओर से स्थानीय फॉल्ट या कटौती की वजह और सप्लाई बहाल होने के समय को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।