राजस्थान में शुरू होगी ग्लोबल ‘प्राइवेट कम्युनिटी’, AI और अनुभवी उद्यमियों के सहयोग से कारोबारी नेतृत्व को मिलेगी नई दिशा
व्योमिका नेक्सस प्राइवेट लिमिटेड की पहल पर 14 और 15 नवंबर को जयपुर मैरियट में आयोजन, विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख उद्यमी एवं व्यावसायिक प्रतिनिधि होंगे शामिल
जयपुर। कारोबार के विस्तार और बदलती बाजार परिस्थितियों के बीच उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। ऐसे समय में अनुभवी कारोबारी नेतृत्व, सामूहिक समझ और आधुनिक तकनीक की भूमिका भी बढ़ रही है। इसी उद्देश्य के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय ‘प्राइवेट कम्युनिटी’ (Private Community®️) राजस्थान में अपनी शुरुआत करने जा रही है।
व्योमिका नेक्सस प्राइवेट लिमिटेड (Vyomika Nexus Private Limited) की पहल पर 14 और 15 नवंबर को जयपुर के मैरियट होटल में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के प्रमुख उद्यमियों, उद्योगपतियों और विभिन्न क्षेत्रों के व्यावसायिक प्रतिनिधियों को प्राइवेट कम्युनिटी की अवधारणा, कार्यप्रणाली और इसके उद्देश्यों से परिचित कराया जाएगा।
इस अवसर पर प्राइवेट कम्युनिटी के सह-संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय बिजनेस ग्रोथ मेंटर मैक श्रीनिवासन (Mac Srinivasan) विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वे उद्यमियों के साथ कारोबारी नेतृत्व, विस्तार की रणनीतियों और महत्वपूर्ण व्यावसायिक निर्णयों में अनुभवी साथियों की भूमिका पर संवाद करेंगे।
मैक श्रीनिवासन को 35 वर्षों से अधिक का अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक अनुभव है। वे 70 से अधिक देशों में फ्रेंचाइजी विस्तार से जुड़ी पहलों में भूमिका निभा चुके हैं और दुनिया भर में दो लाख से अधिक उद्यमियों को संबोधित कर चुके हैं। वर्तमान में वे सिंगापुर स्थित द अबंडेंट ग्रुप के सीईओ हैं।
अनुभवी उद्यमियों के बीच रणनीतिक संवाद का मंच
इटली से शुरू हुई प्राइवेट कम्युनिटी वर्तमान में 11 देशों में सक्रिय है। इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी उद्यमियों को एक ऐसे विश्वसनीय समुदाय से जोड़ना है, जहां वे कारोबारी चुनौतियों, भविष्य की योजनाओं और महत्वपूर्ण निर्णयों पर एक-दूसरे के अनुभवों से सीख सकें। कम्युनिटी में सीमित सदस्यों के समूह बनाए जाते हैं, ताकि प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने और दूसरों के दृष्टिकोण को समझने का पर्याप्त अवसर मिल सके। नियमित बैठकों, ऑनलाइन सत्रों और गोपनीय वातावरण में रणनीतिक संवाद के माध्यम से सदस्य कारोबार के विस्तार, नेतृत्व, उत्तराधिकार योजना, पेशेवर प्रबंधन और नवाचार जैसे विषयों पर सामूहिक समझ विकसित करते हैं।
सदस्यता के लिए एक निर्धारित चयन प्रक्रिया अपनाई जाती है, जिसमें उद्यमियों के व्यावसायिक उद्देश्यों और कम्युनिटी के मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को महत्व दिया जाता है।
AI और मानवीय अनुभव का समन्वय
प्राइवेट कम्युनिटी की कार्यप्रणाली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए *‘COMBINE™️’ (Community Business Intelligence Engine)* नाम से विशेष AI आधारित प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है।
यह प्लेटफॉर्म सदस्यों को व्यावसायिक जानकारियों के विश्लेषण, रणनीतिक सोच और सामूहिक अनुभवों के आधार पर विभिन्न संभावनाओं को समझने में सहयोग करता है। कम्युनिटी की अवधारणा में तकनीक को मानवीय अनुभव का विकल्प नहीं, बल्कि उसे अधिक प्रभावी बनाने का माध्यम माना गया है। इसका उद्देश्य उद्यमियों को विभिन्न दृष्टिकोण उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने कारोबारी निर्णय अधिक स्पष्टता और समझ के साथ ले सकें।
राजस्थान के प्रमुख कारोबारी क्षेत्रों की होगी भागीदारी
राजस्थान में प्राइवेट कम्युनिटी की शुरुआत का नेतृत्व रीजनल प्रेसिडेंट दिव्य अग्रवाल, आर्किटेक्ट प्रियंक गुप्ता, पीयूष गुप्ता और दर्शन कोठारी कर रहे हैं।
व्योमिका नेक्सस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से राजस्थान में शुरू हो रही इस कम्युनिटी में प्रमुख बिल्डर्स, आर्किटेक्ट्स, डॉक्टर्स, अस्पताल संचालक, होटल व्यवसायी, ज्वेलर्स, उद्योगपति और अन्य अग्रणी व्यावसायिक प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है। इसके साथ ही मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर, शिक्षा, रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर, हॉस्पिटैलिटी, पर्यटन, टेक्नोलॉजी, रिटेल और पारिवारिक व्यवसायों से जुड़े उद्यमियों तथा अगली पीढ़ी के कारोबारी नेतृत्व को भी इस पहल से जोड़ने पर जोर रहेगा।
राजस्थान में पारंपरिक और पारिवारिक व्यवसायों की मजबूत विरासत रही है। बदलती तकनीक, नई बाजार परिस्थितियों और नेतृत्व परिवर्तन के दौर में यह पहल स्थानीय उद्यमियों को व्यापक दृष्टिकोण एवं अनुभवी व्यावसायिक नेतृत्व का लाभ उठाने का अवसर प्रदान करेगी।
जयपुर मैरियट में दो दिवसीय कार्यक्रम
प्राइवेट कम्युनिटी राजस्थान का दो दिवसीय प्रीव्यू कार्यक्रम 14 और 15 नवंबर 2026 को जयपुर मैरियट होटल, आश्रम मार्ग, जवाहर सर्किल में आयोजित होगा।
दोनों दिन सुबह 9:30 बजे और दोपहर 3:30 बजे विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक सत्र लगभग दो घंटे का होगा, जिसके बाद हाई-टी की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक सत्र में अधिकतम 60 प्रतिभागियों की भागीदारी निर्धारित है। कार्यक्रम में प्रवेश आमंत्रण एवं पंजीकरण की पुष्टि के आधार पर होगा।