सेवा संकल्प अभियान के तहत सूरूरपुर गांव में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
सूरूरपुर में हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, माताओं एवं बच्चों से संवाद कर योजनाओं की दी जानकारी
फरीदाबाद। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में आयोजित किए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत आज गांव सूरूरपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर दीप्ति एवं रेनू आर्या भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि गोपाल शर्मा ने आंगनवाड़ी केंद्र में उपस्थित माताओं, बच्चों एवं लाभार्थियों से संवाद किया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
‘आंगन मिलन सेवा’ का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को सामुदायिक संवाद, जागरूकता एवं जनभागीदारी के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान माताओं एवं बच्चों के साथ संवाद के साथ-साथ पोषण, स्वस्थ खान-पान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनीमिया की रोकथाम, बच्चों की वृद्धि निगरानी तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जागरूक किया गया। बच्चों की सहभागिता के लिए विभिन्न रोचक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी मंजू देवी तथा सर्कल सुपरवाइजर माया एवं पिंकी सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, माताएं, बच्चे एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से समुदाय को आंगनवाड़ी केंद्रों से जोड़ते हुए पात्र लाभार्थियों तक विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को भी सम्मानित किया जा रहा है।