सीएम फ्लाइंग ने मिठाई बनाने वाली दो जगहों पर की छापेमारी
फरीदाबाद। फरीदाबाद में सीएम फ्लाइंग की टीम ने एनआईटी -1 और बडखल में मिठाई बनाने वाली दो जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 10 हजार 300 किलो मिठाई तैयार मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रसगुल्ले और बर्फी के कुल तीन सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। टीम को सूचना मिली थी कि शहर में त्योहारों के दौरान मिलावटी रसगुल्ले और गुलाब जामुन तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद डीएसपी विवेक चौधरी के नेतृत्व में टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार के साथ एनआईटी-1 स्थित सोनम फूड फैक्टरी में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान फैक्टरी में रसगुल्ले और अन्य मिठाइयां तैयार की जा रही थीं।
मौके पर करीब 5 हजार किलो तैयार रसगुल्ले 20 ड्रम और टब में रखे मिले। संचालक अमरेश ने टीम को एफएसएसएआई का लाइसेंस दिखाया, जो 11 सितंबर 2031 तक वैध है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रसगुल्लों के दो सैंपल लिए। इसके बाद टीम ने बडख़ल क्षेत्र में बुद्धि होटल के पीछे राजकुमार की दुकानों में चल रही बीकानेर बर्फी वाला दुकान पर जांच की। यहां संचालक जितेंद्र सिंह मिला। मौके पर करीब 5300 किलो बीकानेरी बर्फी रखी हुई थी। संचालक ने टीम को वैध एफएसएसएआई लाइसेंस दिखाया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बर्फी का एक सैंपल लिया। तीनों सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों जगहों पर मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है।