76वें दशहरा महोत्सव का निमंत्रण लेकर कई रामलीला मंचों पर पहुंचे डॉ. राजेश भाटिया व बजरंगबली की सेना
फरीदाबाद। सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर, श्री सनातन धर्म महाबीर दल, मार्केट नंबर-1 के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया बजरंगबली की सेना के सदस्यों के साथ शहर की विभिन्न रामलीला कमेटियों के आयोजनों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रामलीला मंचों पर भगवान श्रीराम की लीलाओं का गुणगान करने वाले कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और आयोजक संस्थाओं के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें मंदिर में आयोजित होने वाले 76वें दशहरा महोत्सव में शामिल होने का सादर निमंत्रण दिया।
डॉ. राजेश भाटिया ने जागृति रामलीला कमेटी के प्रधान अनिल गांधी, विजय रामलीला कमेटी के प्रधान टेक चंद नागपाल, नव युवक रामलीला कमेटी के प्रधान गुलशन खत्री तथा श्री धार्मिक लीला कमेटी, 5 एम ब्लॉक के प्रधान तजिंदर खरबंदा से मुलाकात कर उनके द्वारा आयोजित रामलीला कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने सभी कमेटियों के प्रधानों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों को दशहरा महोत्सव का निमंत्रण देते हुए कहा कि रामलीला और दशहरा हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सनातन परंपराओं के अभिन्न अंग हैं।
इस अवसर पर डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि दशहरा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देने वाला महापर्व है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, धैर्य और आदर्शों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के चरित्र और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि शहर की रामलीला कमेटियां वर्षों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इनके आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और धार्मिक विरासत से परिचित कराने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।
डॉ. राजेश भाटिया ने सभी रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों एवं कलाकारों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनके सफल आयोजनों की कामना की। उन्होंने फरीदाबाद के समस्त श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से 76वें दशहरा महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से धार्मिक आयोजनों की गरिमा बढ़ती है तथा समाज में एकता, सद्भाव और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था और अधिक मजबूत होती है।
सभी रामलीला संस्थाओं के प्रधानों ने डॉ राजेश भाटिया को 76वें दशहरा पर्व को भव्य और ऐतिहासिक बनाने में सहयोग करने का आश्वासन दिया।