फरीदाबाद में ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ का भव्य हेलमेट लंगर, 750 हेलमेट बांटकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने रिबन काटकर किया शुभारंभ, 2 लाख रुपये की घोषणा; समापन पर पहुंचे राज्य मंत्री राजेश नागर ने भी की 1 लाख रुपये की सहायता की घोषणा

फरीदाबाद। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को सुरक्षित सफर के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से रविवार को सेक्टर-16, फरीदाबाद में सामाजिक संस्था ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ की ओर से भव्य हेलमेट लंगर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने रिबन काटकर किया। इस दौरान 750 हेलमेट वितरित कर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, समाजसेवियों और शहर के गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

कार्यक्रम में संस्था के संयोजक राकेश कुमार सुखवारिया और उनकी पूरी टीम ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का स्वागत किया। मंत्री विपुल गोयल ने संस्था द्वारा पिछले एक वर्ष से लगातार किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान समाज में जागरूकता लाने के साथ-साथ लोगों की जिंदगी बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों को प्रोत्साहित करते हुए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और टीम को भविष्य में भी इसी तरह जनहित के कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

संस्था के संयोजक राकेश कुमार सुखवारिया और उनकी टीम ने अतिथियों का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए 2 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

महापौर ने खुद पहनाए हेलमेट

महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने बिना हेलमेट पहुंचे दोपहिया वाहन चालकों को स्वयं हेलमेट पहनाए। उन्होंने कहा कि हेलमेट दुर्घटना के समय जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डीसी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। महापौर ने उन्हें प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

राजेश नागर ने की 1 लाख रुपये की घोषणा

कार्यक्रम के समापन पर राज्य मंत्री राजेश नागर पहुंचे और हेलमेट वितरित किए। उन्होंने संस्था के एक वर्ष पूरे होने पर टीम को बधाई देते हुए 1 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। गौरतलब है कि 22 सितंबर 2025 को उन्होंने ही इस अभियान की शुरुआत की थी। दोनों मंत्रियों की ओर से कुल 3 लाख रुपये की सहायता घोषित की गई।

लखन सिंगला और सूरज भान भी देंगे हेलमेट

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लखन कुमार सिंगला ने 100 हेलमेट और वरिष्ठ पत्रकार सूरज भान ने 50 हेलमेट देने की घोषणा की। सिंगला ने संस्था को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी अभियान चलाने का सुझाव दिया।

ट्रैफिक ताऊ ने किया जागरूक

ट्रैफिक ताऊ वीरेंद्र बल्हारा ने लोगों से हेलमेट पहनने, सावधानी से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला। आयोजकों ने भोजन और नवरात्रि के प्रथम दिन के अवसर पर फल की व्यवस्था भी की।

कार्यक्रम का मंच संचालन उमेश कुंडू ने किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेंद्र शर्मा बबली, पार्षद कुलदीप सिंह साहनी, पार्षद सचिन शर्मा, शंटी जी, भाजपा युवा नेता अजीत नंबरदार, मनोनीत पार्षद प्रियंका बिष्ट, पूनम भाटिया, शैली बब्बर, ज्योति सैनी, हेम सिंह राणा, डॉ. आर.एन. सिंह, अनिल नागर, प्रवीण मल्होत्रा और प्रवेश मलिक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की सफलता में जितेंद्र वत्स, अरविंद बक्शी,अशोक रखेजा, रविंदर सिंह, अमित जी, राकेश मौर्या, रिंकू खनकवाल, अंजलि, महेश गोठवाल, सन्नी शर्मा, लवली और संस्था की पूरी टीम का योगदान रहा। अंत में संस्था के सदस्यों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

संस्था का उद्देश्य लोगों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के लिए जागरूकता फैलाना है। अभियान ने संदेश दिया कि हेलमेट पहनना अपनी और अपने परिवार की जिंदगी सुरक्षित रखने की दिशा में जरूरी कदम है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.